आज खाते में रकम नहीं पहुंची, तो कल से हड़ताल
समय पर वेतन न मिलने से नाराज निगम कर्मचारियों ने दो दिन बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने बताया कि बुधवार शाम तक उनके खाते में वेतन आने पर ही हड़ताल स्थगित की जाएगी, नहीं तो 11 फरवरी से निगम के सामने पंडाल लगाकर हल्ला बोलेंगे।
नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को जनवरी का वेतन अब तक नहीं मिला है। बार-बार महापौर अर्चना चौबे और आयुक्त राकेश जायसवाल से गुहार लगाई गई पर कोई फायदा नहीं हुआ। ध्यानाकर्षण कराने के बाद भी वेतन नहीं मिल सका। इस स्थिति से उन्हें आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रभुप्रसाद शर्मा ने बताया कि निगम द्वारा जनवरी माह का वेतन नहीं दिया गया है। दो दिन पूर्व संघ के पदाधिकारी और कर्मचारियों की बैठक हुई, जिसमें 11 फरवरी से अनिश्कितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है। इस बार हड़ताल में पानी सप्लाई समेत सभी आवश्यक सेवाओं को भी बाधित करने का निर्णय लिया गया है। बुधवार शाम तक बैंक खाते में रकम आने की स्थिति में ही हड़ताल स्थागित की जाएगी। बैठक में योगेंद्र ठाकुर, ओमप्रकाश शर्मा, दीपक शर्मा, हरिकिशन पावरिया, डोमार साहू, रोशन शिंदे, सतीश त्रिपाठी, कामता प्रसाद चौबे, योगेश निषाद, आलोक ठाकुर आदि उपस्थित थे।
निगम में है 490 कर्मचारी
संघ के अनुसार निगम में 490 अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें रेगुलर 280 व प्लेसमेंट कर्मी 210 शामिल हैं। इनकी हड़ताल से पानी, बिजली, सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत शिक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
मैं चर्चा करके बताती हूं
धमतरी| निगम कर्मचारियों की बैठक में बनी हड़ताल की रणनीति।
दिसंबर का वेतन कर्मचारियों के खाते में डाला जा चुका है। जनवरी का वेतन भी जल्द आ जाएगा। हड़ताल में जाने की कोई बात नहीं है। ऐसी बात है, तो मै संघ के अध्यक्ष से चर्चा करके ही बता पाउंगी। अर्चना चौबे, महापौर नगर निगम धमतरी
चेतावनी