केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
धमतरी| केंद्रीय विद्यालय के प्राइमरी क्लास के छात्र-छात्राओं ने हनुमान मंदिर, पुलिस थाना, डाकघर और उद्यान का शैक्षणिक भ्रमण किया। सभी बच्चों ने सर्वप्रथम पालीटेक्निक कालेज परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर देवी-देवताओं के दर्शन किए। पश्चात पुलिस थाना रुद्री पहुंचकर वहां के क्रियाकलापों को समझा। इस अवसर पर थाना प्रभारी कविता धुर्वे और प्रधान आरक्षक तुलसीराम यादव ने छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासा शांत की। थाना प्रभारी ने सभी बच्चों को कानून और नियमों का पालन करते हुए अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इसके पश्चात छात्र रुद्री डाकघर पहुंचे। वहां डाकपाल सीमा बेदी ने बच्चों को पोस्ट कार्ड, अंतरदेशीय, पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, धनादेश समेत विभिन्न प्रकार के डाक टिकटों के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने पत्रों की छंटनी एवं वितरण संबंधी जानकारी भी हासिल की। इस दौरान प्राचार्य एमके डहरिया, जेपी सिंह, रवि देवांगन, रवीना यादव, पिंकी सिंह आदि भी बच्चों के साथ थे।