गाइड पर न करें भरोसा, सरल प्रश्नों को पहले हल करें छात्र
23 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही है। जिले के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष बेहतर तैयारी कराई जा रही है। 10वीं, 12वीं के छात्रों को प्रदेश की टाप टेन सूची में लाने के लिए शिक्षक प्रयासरत हैं। अनुभवी शिक्षक छात्र-छात्राओं को तैयारी के नुस्खे बता रहे हैं।
भास्कर ने विषय विशेषज्ञों से बेहतर तैयारी के सुझाव मांगे। शिक्षकों ने बताया कि बच्चे गाइड पर भरोसा न कर सरल प्रश्नों को पहले हल करें। ब्लू प्रिंट के आधार पर प्रश्नों का चयन कर बेहतर तैयारी करें। विषयों की तैयारी लिख-लिखकर करें, इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। बीते वर्ष जिले के 4 छात्रों ने बोर्ड के टाप टेन सूची में स्थान बनाया था। इस वर्ष भी सूची में नाम दर्ज होने का दावा शिक्षक कर रहे हैं।
5-7 वर्ष के प्रश्न पत्र हल करें
केमेस्ट्री 75 नंबर का होता है, कोर्स को यूनिट वाइज बांटा गया है, अच्छे नंबर के लिए कोर्स के अलावा 5-7 वर्ष के प्रश्न पत्रों की छात्र-छात्राएं तैयारी करें। जिस चैप्टर से लघु उत्तरीय प्रश्न आने हैं, उसी के अनुसार तैयारी करें। रसायन में रासायनिक समीकरण व डायग्राम को विशेष रूप से देखें। विनीता पवार, व्याख्याता केमेस्ट्री
लिख-लिखकर करें तैयारी
अंग्रेजी में तिमाही-छमाही, प्री बोर्ड प्रश्न पत्र को भी छात्र-छात्राएं हल करें। प्रश्न-उत्तर की तैयारी लिख कर करें। इससे स्पेलिंग में गलती नहीं होगी। अनसीन , एप्लिकेशन, निबंध के प्रश्न को न छोड़ें। इसके अलावा ट्रांसलेशन, वाॅइस, स्पीच की भी तैयारी करें। अंग्रेजी को कठिन मानकर छात्र दिमाग पर ज्यादा जोर न दें। अमरजीत बेदी, व्याख्याता अंग्रेजी
जितना पूछा उतना ही लिखें
बायो में अधिकतर छात्र-छात्राएं गलती करते हैं। डायग्राम तो बनाते हैं, लेकिन नामांकन नहीं करते, इसी में नंबर कटता है। साथ ही प्रश्नों के उत्तर उतने ही लिखे, जितना लिखना है। यदि छात्र-छात्राएं ब्लू प्रिंट के आधार पर तैयारी करते हैं, तो अच्छे नंबर लाए जा सकते हैं। ब्लू प्रिंट में इकाइवार नंबर निर्धारित होते हैं, इससे तैयारी करने में सरलता होती है। हलधर चौधरी, व्याख्याता बायोलाॅजी
ज्यादा अभ्यास करें
छात्र-छात्राएं गणित विषय की तैयारी फार्मूला आधारित प्रश्नों की तरह करें। ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करें। गाइड के भरोसे न रहें। सरल प्रश्न पहले हल करें। सूत्र आदि में मिस्टेक न करें। ज्यादा अंक वाले प्रश्न सरल हो, तो पहले इसी को हल करें। एनके गजेंद्र, व्याख्याता गणित
ब्लू प्रिंट के आधार पर प्रश्नों का चयन कर बेहतर तैयारी करें
बोर्ड परीक्षा शुरू 23 फरवरी
जिले में परीक्षा केन्द्र 62
जिले में हाई स्कूल 72
हायर सेकेंडरी स्कूल 131
हाई स्कूल के परीक्षार्थी 15605
हायर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षार्थी 10537
बीते वर्ष टाप टेन में अाए 4
26142 परीक्षार्थी होंगे शामिल
कई स्कूलों में बेहतर तैयारी
इस वर्ष अधिकांश स्कूलों में होशियार छात्रों को अलग से तैयारी कराई जा रही है। स्कूल स्तर पर शिक्षक भी समर्पित होकर जुटे हैं। डोमा, बठेना, गोकुलपुर, छाती, जीजामगांव, दुगली, सिंगपुर, बागतराई, सिलौटी, कलारतराई, म्युनिसिपल स्कूल आदि स्कूलों में शिक्षक जी जान से जुटे हैं। एसएन पंडा, डीईओ धमतरी
धमतरी। कलारतराई स्कूल में बच्चों को परीक्षा संबंधी जानकारी देते डीईओ।