बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट का चुनाव तीन व मतगणना चार मार्च को, तैयारी शुरू
प्रदेश में विख्यात मां बम्लेश्वरी मंदिर के संचालन की ट्रस्ट समिति के 15 ट्रस्टियों का चुनाव 3 मार्च को होंगे। इसकी घोषणा बुधवार को ट्रस्ट के मंत्री महेंद्र परिहार ने की। श्री परिहार ने बताया कि 3 मार्च को सुबह 7 से दोपहर 4 बजे तक मतदान होगा। 4 मार्च को सुबह 7 बजे से मतगणना होगी। वर्तमान ट्रस्ट मंडल का तीन वर्षीय कार्यकाल 3 मार्च को समाप्त हो रहा है। 10 फरवरी को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया।
11 फरवरी को प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावा एवं आपत्ति ट्रस्ट के कार्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक व दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक की जा सकेगी। इन दावा एवं आपत्तियों का निराकरण 13 फरवरी को होगा। इसके बाद 17 फरवरी को सूची का अंतिम प्रकाश होगा। ट्रस्ट मंडल की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। बैठक में अध्यक्ष पीतांबर स्वामी, उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अशोक साहू, मंत्री महेंद्र परिहार के अलावा सभी ट्रस्टी उपस्थित थे।
ट्रस्ट के पूर्व उपाध्यक्ष व वर्तमान ट्रस्टी रघुवर अग्रवाल ने चुनाव की तिथि का विरोध किया। उन्होंने कहा कि एक परंपरा के अनुसार चुनाव रविवार या मंगलवार को कराएं जाते है। रविवार को इसलिए कि शासकीय नौकरी करने वाले ट्रस्ट के सदस्यों का अवकाश होने के कारण वे अपने मताधिकार का प्रयोग स्वच्छंदता से कर सकते है। वहीं मंगलवार को इसलिए क्योंकि डोंगरगढ़ नगर में मंगलवार को व्यवसायिक बंद का दिन रहता है। इसलिए मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए ट्रस्ट के चुनाव की तिथि घोषित की जानी चाहिए। पूर्व में 28 फरवरी व 6 मार्च की तिथि पर सहमति बनी थी किंतु वर्तमान में काबिज सदस्यों का मानना है कि उनके लिए 3 मार्च की तिथि अत्यंत शुभ है। अग्रवाल के साथ विरोध में पूर्व अध्यक्ष महेंद्र भाई पटेल, पूर्व मंत्री नवनीत तिवारी, सुभाष अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल व बिरदीचंद भंडारी ने भी सहमति व्यक्त किया है।