प्रज्ञागिरी में होगा पीएम का कार्यक्रम
रूर्बन प्रोजेक्ट की आधारशिला रखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को डोंगरगढ़ आ रहे है। पीएम डोंगरगढ़ ब्लॉक के 16 गांवों को स्मार्ट बनाने की योजना का शुभारंभ ग्राम मुरमुंदा से करने वाले थे लेकिन पीएम की सभा के लायक मुरमुंदा में मैदान नहीं मिलने व सुरक्षा के लिहाज से स्थान को बदलकर प्रज्ञागिरी परिसर किया गया। कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के लिए गुरुवार को प्रभारी मंत्री राजेश मूणत आएंगे।
बताया गया कि 9 फरवरी को पीएमओ से कार्यक्रम की मंजूरी मिलते ही देर शाम कलेक्टर मुकेश बंसल, एसपी सुंदर राज पी. एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पहले ग्राम मुरमुंदा का चयन किया। स्थान छोटा होने की वजह से प्रज्ञा गिरी परिसर का निरीक्षण कर फाइनल किया गया। 100 करोड़ के प्रोजेक्ट का शुभारंभ मुरमुंदा से ही होगा। रूर्बन प्रोजेक्ट के क्लस्टर में ग्राम कुर्रूभांठ में शामिल है इसलिए स्थान बदलने से कोई ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस दौरान तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाएगी। एसपीजी की टीम भी इसका जायजा लेगी।
बुधवार से ही प्रज्ञागिरी परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक काम समतलीकरण व पोल शिफ्टिंग कराया गया। प्रज्ञागिरी लैंड का चयन किया गया।\\\'\\\' सीएल मारकंडे, एसडीएम डोंगरगढ़
एसपीजी के अनुसार तैयार किया जाएगा मोदी का मंच
प्रोटोकॉल के हिसाब से मंच बनाने के पूर्व एसपीजी सुरक्षा से गुजरना पड़ेगा क्योंकि केंद्र से जब तक अधिकारियों की टीम डोंगरगढ़ कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंचेगी तब तक मंच या डोम का काम शुरू नहीं कर सकते।
तीन हेलीपेड बनाए जाएंगे
एसडीएम सीएल मारकंडे ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर तीन हेलीपेड बनाया जाएगा तो पीएम व उनके सुरक्षा गार्डों के लिए रहेगा। तीन हेलीकॉप्टर के अलावा यदि मुख्यमंत्री या अन्य मंत्री भी हेलीकॉप्टर से पहुंचते हैं तो उनके लिए चंद्रगिरी, कॉलेज ग्राउंड, हाई स्कूल मैदान या राका में उतारा जाएगा। स्थाई व अस्थाई हेलीपेड की तैयारी है।
एक लाख लोगों के हिसाब से बनाई जा रही रूपरेखा
विभागीय अधिकारियों की मानें तो मुरमुंदा मैदान में लोगों की भीड़ समा नहीं पाती और अनुमान के अनुसार पीएम के कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोग पहुंचेंगे। इसके अनुसार से प्रज्ञागिरी के 40 एकड़ के लैंड में पीएम का कार्यक्रम होगा। गौरतलब है कि लंबे समय के बाद डोंगरगढ़ क्षेत्र में कोई पीएम आ रहा है और डोंगरगढ़ ब्लॉक के अलावा प्रदेश के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। 40 एकड़ के प्लॉट में पीएमओ कार्यालय के निर्देश के अनुसार ही डोम लगेगा।
कार्यक्रम स्थल के मंच के पास के चार पोल हटेंगे
प्रधानमंत्री मोदी जिस मंच से भाषण देंगे उस स्थान पर चार विद्युत के पोल आ रहे थे जिसे बुधवार को एसडीएम सीएल मारकंडे व विद्युत विभाग के अधिकारियों ने पोल को हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान कनेक्शन को अस्थाई तौर पर दिया जाएगा। बुधवार को दिनभर मैदान समतलीकरण व पोल शिफ्टिंग के कार्य हुए। इस दौरान एसडीएम सीएल मारकंडे, विद्युत विभाग के ईई एनके सक्सेना, एई केके झा, पीडब्लूडी एसडीओ पीएस दीवान, इंजीनियर एके यदु मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री मूणत आज लेंगे कार्यक्रम स्थल का जायजा
डोंगरगढ़। कार्यक्रम स्थल में मैदान समतलीकरण का काम चल रहा है।