पहले ही रच ली गई थी हत्या की साजिश
बुधवार की रात तकरीबन 8 बजे पटेल वार्ड स्थित महेश सोनी के मकान में हुई वारदात के बाद भीतर की बातें अब सामने आ रही हैं। मौके पर मौजूद जनपद सदस्य रवि अग्रवाल ने पुलिस के सामने सारे राज खोले। उन्होंने बताया कि पहले तो आरोपी ने बातों में उलझाए रखा। घटना स्थल पर हंसिया व राड मिलने से ऐसा लगता है कि पहले से ही हत्या की साजिश रच ली गई थी। घटना के समय आरोपी महेश सोनी का बेटा अनिल सोनी भी मौजूद था।
मौके पर मौजूद रवि की जुबानी पूरी घटना: मनोज श्रीवास्तव के कहने पर उनके मित्र डोमन साहू व रवि अग्रवाल जमीन विवाद सुलझाने महेश सोनी के पास गए। मनोज ने कहा- ‘कल जमीन की पेशी है। महेश भैया आप मुझे दूसरी जमीन दे दीजिए। आपके भाई-भाई के विवाद में मैं ढाई साल से सफर कर रहा हूं।’ डोमन ने हस्तक्षेप करते हुए कहा-‘आप दोनों भाई के विवाद में मनोज अपना मकान बना नहीं पा रहा है, उसे दिक्कत हो रही है।
चर्चा बहुत ही अच्छे से चल रही थी। इतने में महेश सोनी ने कहा-‘ जमीन का नक्शा तो मेरे अनुसार बनता है, केस मैं ही जीतूंगा। इस पर रवि ने कहा कि तीन बार सीमांकन हो चुका है, पटवारी व आरआई बताते हैं कि जमीन बल्ला सोनी के हिस्से की है। ऐसी स्थिति में आप हमारे विवाद को समाप्त कर दें। चूंकि कल पेशी है।’ मनोज ने कहा कि इसमें क्या करना है बताओ? तभी महेश घर के भीतर जाते हुए बोला कि रुको, मैं बताता हूं। वहां मौजूद तीनों ने समझा कि वह जमीन का नक्शा लेने भीतर गया है तभी बंदूक के खुलने की आवाज आई। रवि को गड़बड़ी की आशंका हुई। उसने डोमन व मनोज से कहा, महेश सनकी है। अभी चलते हैं। बाद में बात करेंगे। किंतु डोमन आश्वश्त था। उसने बैठने कहा, किंतु रवि रुका नहीं। वह दरवाजे से बाहर निकला ही था कि मनोज पर गोली चल गई। रवि कूदकर भागा। उधर महेश ने डोमन पर गोली दाग दी। डोमन अपना हाथ को सीने के करीब ले गया तो गोली हाथ को चीरती हुई छाती पर जा लगी। उधर रवि अग्रवाल युवराज मोटर्स में जाकर छिपा और तत्काल डोमन व मनोज को फोन लगाया। फोन रिसीव नहीं होने पर रवि ने मित्र राकेश अग्रवाल को गोलीकांड की जानकारी दी। राकेश साथियों के साथ तत्काल घटना स्थल पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
महेश ने कहा…रुको मैं बताता हूं..और मार दी गोली
पुलिस ने रॉड भी बरामद किया।
डोंगरगढ़। हॉल में हंसिया मिलने को पुलिस साजिश बता रही है।
डोंगरगढ़| घटना स्थल हॉल में फॉरेसिंक एक्सपर्ट व पुलिस के अधिकारी साक्ष्य एकत्रित करने में लगे रहे।
पुलिस को उलझाने की आरोपी ने रची कहानी
महेश सोनी के मकान के बैठक हॉल में जहां पर आरोपी ने डोमन साहू व मनोज श्रीवास्तव पर गोली चलाई वहां रखे टेबल से पुलिस ने हंसिया व एक रॉड भी बरामद किया है। हॉल में हंसिया व रॉड मिलने से केस ने नया मोड़ ले लिया है। क्योंकि घटना के तुरंत बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया तो वहां पर हंसिया व रॉड का क्या काम रहा होगा? आरोपी के यहां सब्जी आदि काटने में चाकू का ही इस्तेमाल होता है, लेकिन बैठक हॉल में हंसिया व रॉड आ जाना केस को घुमा कर रख दिया है।
पुलिस को गुमराह करने की कोिशश
गुरुवार को डोमन का किया अंतिम संस्कार
भाजपा नेता डोमन साहू का अंतिम संस्कार 11 फरवरी को छिरपानी मुक्तिधाम में किया गया। शवयात्रा में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता तथा नगर के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं नगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए चौक-चौराहों एवं घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायल मनोज श्रीवास्तव का इलाज भिलाई में चल रहा है।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने एकत्रित किए साक्ष्य
घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भिलाई से फॉरेंसिक एक्सपर्ट अनुराधा मेश्राम पहुंचीं। उन्होंने घटना स्थल से बंदूक के छर्रे व अन्य सामान साक्ष्य के रूप में बरामद किए। घटना स्थल में फैले घायलों के खून का सैंपल भी फॉरेंसिक टीम ने एकत्रित किए। पुलिस व अन्य अफसरों ने हॉल में रखें सभी संदिग्ध सामान को जब्त किया गया। जिसे जांच के लिए ले गए हैं।
घटना स्थल यानी हॉल में रॉड व हंसिया मिला है वह षडयंत्र के तहत रखा गया होगा? क्योंकि मौके पर तो हाथापाई नहीं हुई है, कोई भी सामान यहां तक की पानी के गिलास भी हिला नहीं है। फॉरेंसिक टीम ने हाल के सामान की जब्ती कर ली है। साथ ही सभी सामान के फिंगर प्रिंट्स भी लिए जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा।डीसी पटेल, प्रभारी टीआई डोंगरगढ़
11 फरवरी को प्रकाशित खबर