- Hindi News
- छह महीने बाद भी रूपूटोला के ग्रामीणों को नहीं मिली मजदूरी
छह महीने बाद भी रूपूटोला के ग्रामीणों को नहीं मिली मजदूरी
डौंडीलोहारा. ग्रामरुपूटोला के ग्रामीणों ने लगभग छह महीने पहले मनरेगा के तहत वनों का घेराव गहरीकरण कार्य किया था। जिसका भुगतान उन्हें आज तक नहीं मिल पाया है। इसके लिए ग्रामीण कई बार वन विभाग के कार्यालय जाकर मजदूरी की मांग कर चुके हैं। लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। शुक्रवार को भी ग्रामीण वन विभाग कार्यालय पहुंचे और मजदूरी भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी। जंगल समिति के अध्यक्ष कोमल सिंह चुरेंद्र ने बताया कि गांव के लगभग 3 सौ लोगों ने उक्त कार्य छह महीने पहले किया है।
इस कार्य में 8 सप्ताह लगे थे। जिसके हिसाब से हर व्यक्ति का पांच से छह हजार रुपए मजदूरी बनती है। उपाध्यक्ष देवल सिंह चुरेंद्र ने बताया कि अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं होने से लोगों को आर्थिक परेशानी हो रही है। मजदूरी की मांग करने वालों में ईश्वरी बाई, सेवती बाई, मनीराम कोरेटी, शत्रुहन सिंह राणा, पूनम सिंह चुरेंद्र, आत्माराम कोर्राम आदि शामिल हैं। ग्रामीणों की मांग पर डिप्टी रेंजर एसआर देवांगन ने बताया कि 31 जुलाई को मजदूरी की पूरी रकम चेक पोस्ट ऑफिस में संबंधित मजदूरों के खाते में जमा करा दी गई है। पोस्ट ऑफिस में चर्चा करने पर बताया गया है कि चेक क्लियर होने में समय लगता है। अब चेक क्लियर हो गया है। एक सप्ताह में सभी की मजदूरी राशि उनके खातों में जमा हो जाएगी।
आफिस में अफसर से मजदूरी मांगते ग्रामीण।