- Hindi News
- उपमंडी प्रांगण डौंडी से धान का परिवहन शुरू
उपमंडी प्रांगण डौंडी से धान का परिवहन शुरू
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति डौंडी के धान खरीदी केंद्र उपमंडी प्रांगण से शनिवार को परिवहन शुरू हो गया है। इससे समिति वालों ने राहत की सांस ली है। लेकिन शाम को हुई हल्की बारिश ने सोसायटी कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। डौंडी क्षेत्र में शनिवार को दोपहर 3 बजे से पानी की बौछारें पड़ना शुरू हुआ। शाम को बारिश तेज हो गई।
क्षेत्र में सिर्फ डौंडी में ही धान रखने के लिए पक्का फड़ और शेड है। बाकी केंद्रों में आसमान के नीचे ही खरीदी हो रही है। हालांकि सोसायटियां ड्रेनेज पर रखकर तिरपाल से ढके होने का दावा कर रही है। गुदुम, कुआगोंदी, भर्रीटोला, आमाडुला, घोटिया, मंगलतराई के फड़ पर आसमान के नीचे धान रखे गए हैं।
डौंडी केद्र में परिवहन के लिए पहले दिन 3 गाड़ियां लगी थी। 25 सौ क्विंटल धान जगतरा फड़ के लिए भेजा गया। अब तक डौंडी सोसायटी में 7201 क्विंटल 60 किलो, कुआगोंदी में 4046 क्विंटल, घोटिया में मोटा 160 क्विंटल 80 किलो मोटा, पतला 1086 क्विंटल 80 किलो, सरना 102 क्विंटल 20 किलो, मंगलतराई में मोटा 189 क्विंटल 60 किलो, पतला 695 क्विंटल 20 किलो, सरना 122 क्विंटल खरीदी हो चुकी है। गुदुम, भर्रीटोला आमाडुला केन्द्र में धान खुले पर पड़ा हुआ है।
उपमंडी प्रांगण में खरीदे गए धान के बोरे को ट्रक में लोड करते हमाल।