पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार घंटे की जांच में मिला एक खोखा और आधा किलो कीलें

चार घंटे की जांच में मिला एक खोखा और आधा किलो कीलें

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज| पखांजुर/कांकेर

संगम में नक्सली हमले में बीएसएफ जवान की मौत के बाद रविवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चार घंटे तक चली सघन जांच के बाद पुलिस को सिर्फ कारतूस का एक खोखा और आधा किलो कीलें मिली हैं। बरामद हुआ खोखा 9 एमएम ऑटोमेटिक सेल्फ लोडेड गन का बताया जा रहा है। इस आशंका ने वारदात और हमले की गंभीरता को बढ़ा दिया है।

पखांजुर थानांतर्गत ग्राम संगम में नक्सलियों की चलाई गई गोलियों के खोखे ढूंढने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कारतूस के खोखे खोजे थे। रविवार सुबह नए सिरे से एक बार फिर मेटल डिटेक्टर से तलाश शुरू की गई। चार घंटे तक चले इस तलाशी अभियान के बाद पुलिस को सिर्फ एक खोखा ही मिला है। पुलिस ने जो खोखा बरामद किया है वह 9 एमएम आॅटोमेटिक सेल्फ लोडेड गन का होना बताया जा रहा है। इसे जांच के लिए पुलिस फोरेंसिक लैब भेज रहा है। पुलिस भी इस बात से हैरान है कि नक्सलियों के बड़े पैमाने पर हवाई फायर के बाद भी घटना स्थल पर खोखे नहीं मिले हैं। चार घंटे में पुलिस को घटना स्थल से आधा किलो कीलें भी मिली है। जमीन पर जगह-जगह बिखरी कीलें जैसे ही मेटल डिटेक्टर के संपर्क में आती थीं, बीप की आवाज आने लगती थी। खोखे की आस लगाए जवान कील देखकर निराश होते रहे।

प्लानिंग के साथ अटैक, एक

दूसरे को कर रहे थे कवर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन नक्सली पहुंचे थे। हमला जिस तरह से हुआ है, उससे साफ है कि प्लानिंग की गई थी। बीएसएफ जवान के पहुंचते ही फिल्मी स्टाइल में हमला हुआ। इसके बाद एक-दूसरे को कवर करते हवाई फायर करते फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों नक्सली गोलियां चला रहे थे। अगर नक्सली स्माल एक्शन टीम ने किया है, तो संगम क्षेत्र में यह उनका पहला हमला है।

बड़े नक्सलियों के शामिल होने का संदेह
बरामद खोखा ऑटाेमेटिक वेपन का बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले बड़े नक्सली थे। ऑटोमेटिक गन उन्हीं के पास हो सकती है। आमतौर पर स्मॉल एक्शन टीम के सदस्य देसी कट्टे का इस्तेमाल करते हैं। यह भी अंदाज लगाया जा रहा है कि नक्सली बाहरी और प्रशिक्षित हो सकते हैं।

लैब की रिपोर्ट से होगा गन का खुलासा
घटना स्थल की मेटल डिटेक्टर से जांच करने पर एक कारतूस का खोखा मिला है। जो आॅटोमेटिक सेल्फ लोडेड गन का प्रतीत हो रहा है। इसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही गन का खुलासा हो पाएगा। जयप्रकाश बढ़ाई, एसडीओपी, कांकेर

पखांजुर| घटना स्थल पर कारतूस के खोखों की तलाश करता जवान।

खबरें और भी हैं...