- Hindi News
- पुलिस वेरीफिकेशन, फिटनेस क्लियर, अब मिलेगी नौकरी
पुलिस वेरीफिकेशन, फिटनेस क्लियर, अब मिलेगी नौकरी
{ 111 युवक और 11 युवतियों को मिल जाएगी नौकरी की सौगात।
{ होली से पहले ट्रेनिंग के बाद होगी ज्वाइनिंग बस्तर की तीनों जेलों में।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
बस्तरकी सेंट्रल और जिला जेलों में प्रहरियों की भर्ती की प्रक्रिया का अंतिम चरण भी पूरा हो चुका है। 158 चयनित अभ्यर्थियों की सूची जेल मुख्यालय को भेजी थी। जहां से हर जिले में पुलिस वेरीफिकेशन के लिए भेजा गया था। इस जांच के बाद संबंधितों का मेडिकल टेस्ट करवाया जाना था। 11 फरवरी को 111 युवक, 11 महिला अभ्यर्थियों की फिटनेस रिपोर्ट सेंट्रल जेल के अधीक्षक को प्राप्त हुई है। जिसे जेल मुख्यालय में भेजा गया है इसके साथ ही 122 प्रहरियों की नौकरी की राह आसान हो गई है।
माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में होली से पहले इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी हो जाएंगे। इसके तुरंत बाद इन्हें बेसिक ट्रेनिंग के साथ अन्य जरुरी प्रशिक्षण देना होगा। इसके साथ इनकी ड्यूटी शुरु हो जाएगी। जगदलपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा की जेलों में 158 पोस्ट, प्रहरियों की निकली थी। इसमें से 106 पद एसटी, 25 सामान्य, 27 एससी, पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है।
इनके अलावा 10 प्रतिशत नगर सेना और इतने प्रतिशत आरक्षण का लाभ महिलाओं को भी मिलना है। 158 के अलावा 12 पदों पर अनुकंपा नियुक्ति भी होनी है। वहीं अनुकंपा छोड़ कर शेष पर 122 नियुक्तियां ही फिलहाल हो पाएगी। माना जा रहा है कि चयनित प्रहरियों में से कुछ ने किन्हीं अन्य जगह पर काम को तरजीह दी है।
सेंट्रल जेल में 70 से ज्यादा मिलेंगे नए प्रहरी
बस्तरकी ज्यादातर जेलों में पिछले काफी समय से क्षमता से ज्यादा बंदियों-कैदियों के रखा गया है। हालांकि यह स्थिति प्रदेश की अन्य जेलों में भी है। सेंट्रल जेल का नया एक्सटेंशन पूरा हो चुका है। अब अगले कुछ दिनों में 70 से ज्यादा नए प्रहरी सेंट्रल जेल में मिल जाएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए जेल अधिकारी नई जेल में कुछ बंदियों को शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे ओवर क्राउड कम होगा और जेल में चल रहे इंडस्ट्री सेक्टर को भी आसानी से बढ़ाया जाएगा। नए प्रहरियों को मानवाधिकारी के साथ कंप्यूटर की डिटेल ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके पीछे वजह यह है कि आने वाले दिनों में जेल के तमाम काम कंप्यूटराइज्ड हो जाएंगे।