एक साल मितानिनों को नहीं मिली प्रोत्साहन राशि
कांकेर | जिले में काम करने वाली अधिकांश मितानिनों को एक साल से काम करने के बदले मिलने वाली प्रोत्साहन राशि नहीं मिल रहा है। राशि के लिए उन्हें अपने विभाग से लेकर जिला कार्यालय तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
साल भर से राशि नहीं मिलने से मितानिनों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर ग्राम माकड़ी, सिंगरातय गोविंदपुर, अर्जुनी, नांदनमारा, सारंगलाल, डुमाली, माटवाड़ा मोदी आदि क्षेत्रों की 35 मितानिन मंगलवार को जिला कार्यालय पहुंची।
मितानिनों ने बताया कि फरवरी 2015 से जनवरी 2016 तक किए गए कार्य की प्रोत्साहन राशि अबतक नहीं मिली है। जिसमें किसी मितानिन का 5 हजार तो किसी मितानिन की 25 हजार रुपए तक की राशि अप्राप्त है। 35 मितानिनों की कुल 4.80 लाख रुपए विभाग में बाकी है। मितानिनों ने कहा वे अपना घर छोड़ सरकार के विभिन्न योजनाओं को संचालित करते हैं। एलटीटी केस, मोतियाबिंद ऑपरेशन व प्रसव में उन्हें घर परिवार से दो से तीन दिन तक दूर रहना पड़ता है। इस स्थिति में वे सरकार के लिए काम करतीं हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी ओर ध्यान नहीं दे रही है। सभी मितानिनों ने तत्काल एक साल शेष प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की मांग की है। मांग करने वालों में मणिका जैन, अनसूइया कावड़े, छनेश्वरी नाग, पुष्पा मंडावी, राजकुमार शोरी, सावित्री चंदेल, राजकुमारी कौशिक, कौशल्या नाग समेत बड़ी संख्या में मितानिन शामिल हैं।
कांकेर. प्रोत्साहन राशि मांगने जिला कार्यालय पंहुची।