राशि हुई खत्म, 2 साल में सिर्फ चबूतरा ही बना
ग्राम पंचायत अर्जुनी के आश्रित ग्राम नंदनमारा स्कूल परिसर में दो साल पहले पंचायत ने रंगमंच निर्माण शुरू किया था लेकिन निर्माण पूरा नहीं हो पाया। पंचायत ने मूलभूत राशि से काम शुरू किया था और 60 हजार रुपए से चबूतरा व सीढ़ी ही बनाया। बजट नहीं होने से पंचायत ने निर्माण काम ही बंद कर दिया।
रंगमंच में जमीन का फ्लोरिंग के साथ छत व एक कक्ष का निर्माण होना है। अधूरा काम होने से रंगमंच में कोई कार्यक्रम नहीं हो पाता है। स्कूल में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला कक्षाएं संचालित हो रही है। रंगमंच अधूरा होने से राष्ट्रीय पर्व के साथ जयंती व अन्य अवसरों पर होने वाले कार्यक्रमों के संचालन में परेशानी होती है। अधूरे रंगमंच में लोहे की सलाखें बाहर निकली हुई है जो बच्चों के लिए खतरनाक है। पूर्व माध्यमिक शाला छात्रा निशा मंडावी, निशा पटेल, दिपाली नेताम, छात्र भोजराज पटेल ने कहा रंगमंच निर्माण जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। स्कूल परिसर स्थित मैदान की स्थिति भी खराब है।
पूर्व सरपंच पीला बाई कवासी के कार्यकाल में मूलभूत राशि से रंगमंच बनवाया जा रहा था। छत का काम होना है लेकिन बजट नहीं है। जनपद कार्यालय को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। राशि स्वीकृत होने पर निर्माण कराया जाएगा। दुलचंद पटेल, सचिव ग्राम पंचायत, अर्जुनी
अव्यवस्था
कांकेर. नंदनमारा स्कूल परिसर में बन रहा रंगमंच दो साल से पड़ा है अधूरा।