नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी, एक गिरफ्तार
कांकेर | पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। घटना 18 जनवरी 2013 की है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुरना में दो लोगों से पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर ग्राम भुरसीडोंगरी के मनोज कुमार निषाद (27) पिता सीताराम ने पैसे मांगे गए थे। मनोज कुमार निषाद ने रमेश कुमार गंजीर से 90 हजार व डुमेश साहू से 70 हजार रुपए मांगे थे। रमेश गंजीर ने अपने बेटे को नौकरी लगाने के लिए पैसे दिए और डुमेश साहू ने अपने साले को नौकरी लगाने की उम्मीद में पैसे दिया। इसके बाद भी दोनों लोगों के परिजनों को आरोपी मनोज निषाद ने नौकरी नहीं लगाई। दो साल बाद भी नौकरी नहीं लगने पर दोनों ने अपने पैसे मांगने शुरू किए, लेकिन आरोपी मनोज निषाद ने पैसे वापस नहीं किए। इसके बाद 14 जुलाई 2014 में पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। इसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही थी। तथ्यों में मामले के जांच में सत्यता पाए जाने पर क्राइम ब्रांच ने मनोज निषाद के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।