पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाईकर्मियों ने शुरू की हड़ताल स्टेडियम में किया धरना प्रदर्शन

सफाईकर्मियों ने शुरू की हड़ताल स्टेडियम में किया धरना-प्रदर्शन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार से चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। सफाई कर्मियों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती, तब हड़ताल जारी रहेगी। सफाई कर्मियों की हड़ताल को वाहन चालक भी समर्थन दे रहे हैं।

नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने वेतन सहित अन्य समस्याओं को लेकर काम बंदकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सफाई कर्मियों ने हड़ताल शुरू करने से पहले बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में सीएमओ मुलाकात की थी। इस दौरान नियमित वेतन की मांग रखी गई। मुलाकात में कोई समाधान नहीं निकलने पर नाराज सफाई कर्मियों ने 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की। गुरुवार को सफाई कर्मियों ने काम बंदकर मिनी स्टेडियम में धरना प्रदर्शन किया। वे दिनभर अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी करते रहे। हड़ताल में 40 नियमित सफाई कर्मी, प्लेसमेंट के 35 और दैनिक वेतन भोगी 45 कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। हड़ताल में 13 वाहन चालक भी शामिल हुए, जो कचरा वाहन, पानी सप्लाई करने के साथ एक्सीवेटर व मलबा फेंकने वाले डंपर चलाते हैं।

सफाई कर्मियों की मांगे
सफाई कर्मियों की मांगों में सबसे प्रमुख है दैनिक वेतन भोगियों को हर महीने की 10 तारीख तक वेतन मिलना। प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांग है कि नियमित के समान उन्हें भी एक साथ शिफ्ट में काम करने दिया जाए। प्लेसमेंट कर्मचारियों की हाजिरी नगर पालिका की ओर से ली जाए। इसके अलावा सफाई कर्मियों ने पिछले साल ठेकेदार के अंतर्गत किए गए काम के एपीएफ का पांच महीने का भुगतान करने की भी मांग रखी है।

सफाई व्यवस्था चरमराई
हड़ताल में शामिल नगर पालिका सफाई कर्मी सूरज बाल्मीकि, मनोहर बाल्मीकि, राहुल बाल्मीकि, बिंदु बाल्मीकि आदि का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल कर्मी शहर के सभी वार्ड के साथ गार्डन, कम्युनिटी हाॅल की भी सफाई करते हैं। वाहन चालकों के हड़ताल में शामिल होने से सफाई के साथ पेयजल सप्लाई और कचरा उठाने का काम भी पूरी तरह से प्रभावित होगा।

शिक्षाकर्मी संघ फिर हड़ताल की तैयारी में
पखांजुर | शिक्षाकर्मी संघ अपनी मांगों को लेकर 15 फरवरी से एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहा है। इसका असर बोर्ड परीक्षा पर पड़ेगा। संघ ने हड़ताल को लेकर सेक्टर स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए हैं। ब्लाॅक अध्यक्ष भोला प्रसाद ठाकुर ने बताया कि 30 जनवरी को महापंचायत की बैठक में शासन को मांगों से अवगत कराया गया था। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। शासन ने वार्ता के लिए जो 12 बिंदु तैयार किए हैं, उनमें सबसे महत्वपूर्ण मांग संविलियन का कोई जिक्र नहीं है और न ही छठवां वेतनमान का। इससे प्रदेशभर के शिक्षाकर्मियों में आक्रोश है। सभी ने 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।

कांकेर. सफाई कर्मियों ने मिनी स्टेडियम में शुरू किया धरना प्रदर्शन।

खबरें और भी हैं...