पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीन वर्षों के अंदर होगी गंगा नदी की सफाई : उमा भारती

तीन वर्षों के अंदर होगी गंगा नदी की सफाई : उमा भारती

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
केंद्रीयमंत्री उमा भारती ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार तीन वर्ष के अंदर गंगा को साफ करने को प्रतिबद्ध है और यहां निरीक्षण के बाद उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि लोगों को नदी से ‘गंगा जल’ नहीं बल्कि ‘प्रदूषित’ जल मिल रहा है।

जल संसाधन मंत्री ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश सरकार के साथ वार्ता कर रही हैं और योजनाओं पर चर्चा कर रही हैं क्योंकि पवित्र नदी को साफ करने में राज्य को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। भारती ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हम अगले तीन वर्षों में गंगा को साफ करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। चूंकि पवित्र नदी का एक बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है इसलिए राज्य सरकार के सहयोग की जरूरत होगी। हम उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बैठक करेंगे जो 20 दिसंबर को होने वाली है।’

केंद्रीय मंत्री संगम पर जल की गुणवत्ता का जायजा लेने शहर में आई थीं। इसके अलावा उन्होंने जल शोधन संयंत्र एवं नालों का भी निरीक्षण किया जिसके माध्यम से गंदे पानी को नदी में सीधे छोड़ा जाता है। भारती ने पवित्र संगम पर पानी को लेकर गंभीर चिंता जताई जिसके लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने हाल में अधिकारियों को फटकार लगाई थी और कहा था, ‘लाल रंग के पानी से प्रतीत होता है कि गंगाजल इलाहाबाद नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों को केवल प्रदूषित जल मिल पा रहा है।’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘हम तीन वर्षों में अंतर पैदा करने का प्रयास करेंगे।\\\'



गंगा की सफाई के लिए हमारे पास विस्तृत तीन कदम वाली योजना है।’

इससे पहले उच्चतम न्यायालय के समक्ष दायर हलफनामे में भारती के मंत्रालय ने तीन चरणों वाली कार्ययोजना पेश की थी जिसमें ‘कम समय-तीन वर्षों का, मध्यम समय-अगले पांच वर्षों का और दीर्घ अवधि-अगले दस वर्षों का है।’ हलफनामे में बताया गया है कि अल्प समय के चरण में ‘118 शहरों की फिलहाल पहचान की गई है जिसमें गंदे जल के शोधन और ठोस चरा प्रबंधन सहित पूर्ण साफ-सफाई हासिल की जानी है। मंत्रालय ने कहा था कि इसके अलावा ‘नदी के सात अग्रिम स्थानों’ की पहचान की गई है जिसमें पवित्र शहर हरिद्वार, इलाहाबाद और प्राचीन शहर वाराणसी शामिल है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा क्षेत्र भी है।