- Hindi News
- मोबाइल पर मुफ्त ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे छात्र
मोबाइल पर मुफ्त ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे छात्र
अबदेश में छात्र आगामी शैक्षणिक सत्र से अपने मोबाइल पर भी विभिन्न पाठ्यक्रमों की फ्री ऑनलाइन शिक्षा हासिल कर सकेंगे। शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए अगले साल से विदेशों से भी श्रेष्ठ शिक्षक भारतीय यूनिवर्सिटियों में पढ़ाने आएंगे।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राज्यसभा में केंद्रीय विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2014 पर हुई बहस का जवाब देते हुए सदन को यह जानकारी दी। दो घंटे से भी अधिक समय तक चली बहस के बाद राज्यसभा ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। ईरानी ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से व्यापक ऑनलाइन शिक्षा सेवा (मूक्स ) के तहत छात्रों को आईआईटी, आईआईएम एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में निशुल्क शिक्षा हासिल हो सकेगी। छात्र यह शिक्षा अपने मोबाइल पर एप्स के जरिए भी प्राप्त कर सकेंगे। ऑनलाइन पढ़ाने करने वाले छात्र यदि चाहें तो मामूली शुल्क अदा कर परीक्षा पास कर डिग्री भी ले सकेंगे। इस शुल्क में विकलांग छात्रों को विशेष रियायत दी जाएगी। इस विधेयक में बिहार में मोतिहारी में महात्मा गांधी के नाम पर तथा दक्षिण बिहार में एक अन्य केंद्रीय यूनिवर्सिटी खोलने का प्रावधान है।
कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, जदयू के हरिवंश तथा अनिल साहनी ने दूसरी केंद्रीय यूनिवर्सिटी का नाम महात्मा बुद्ध के नाम पर रखने का संशोधन दिया था। लेकिन मानव संसाधन विकास मंत्री के आश्वासन के बाद उन्होंने संशोधन वापस ले लिए।