ईपीएफओ ने मांगा बैंक खाता नंबर
नई दिल्ली| कर्मचारीभविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कंपनियों के लिए अपने कर्मचारियों के बैंक खाते का नंबर मुहैया कराने को अनिवार्य कर दिया है। कंपनियों को संबंधित बैंक शाखा का आईएफएससी कोड भी देना होगा। इसका उद्देश्य ईपीएफओ के अंशधारकों को यूनिवर्सल पीएफ अकाउंट नंबर (यूएएन) देना और सदस्यता छोड़ने के बाद जमा राशि के भुगतान में होने वाली कठिनाई दूर करना है। ईपीएफओ ने आदेश जारी कर अपने सभी 120 से अधिक क्षेत्रीय कार्यालयों को अंशधारकों से आईएफएससी कोड के साथ कोर बैंकिंग खाता संख्या लेने को कहा है ताकि उसे पोर्टेबल यूएएन से जोड़ा जा सके। केंद्रीय पीएफ आयुक्त केके जालान ने बताया कि इससे सभी अंशधारकों का बैंक खाते का ब्योरा हासिल करने में मदद मिलेगी, जो यूएएन को अमल में लाने के लिए जरूरी है। ईपीएफओ अब तक 1.80 करोड़ कर्मचारियों के बैंक खाता नंबर, 86.9 लाख के पैन नंबर और 28.2 लाख के आधार नंबर हासिल कर चुका है।