जनवरी में खाने-पीने की चीजें हुईं महंगी
धीरे-धीरेसही, महंगाई फिर जोर पकड़ने लगी है। जनवरी में खुदरा महंगाई दर 5.11 फीसदी पर पहुंच गई है। यह आकलन नए फॉर्मूले पर आधारित है। इसमें साल 2012 को आधार बनाया गया है। इस फॉर्मूले के मुताबिक दिसंबर में खुदरा महंगाई 4.28 फीसदी थी। पुराने फॉर्मूले (आधार वर्ष 2010) के अनुसार दिसंबर में यह 5 फीसदी थी। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) के आंकड़ों के मुताबिक महंगाई में यह तेजी खाने-पीने की चीजों के कारण है। जनवरी में खाद्य महंगाई दर 6.06 फीसदी रही।
अब महंगाई दर तय करने में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं को भी अहमियत मिलने लगी है। विभिन्न वस्तुओं को मिलने वाले महत्व में भी फेरबदल हुआ है। राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रणब सेन का कहना है कि नए आंकड़े अधिक वास्तविक तस्वीर पेश करेंगे।
जनवरी में स्वास्थ्य सेवाएं 4.71 फीसदी और शिक्षा 7.26 फीसदी महंगी हुई है। ट्रांसपोर्ट और संचार सेवाएं जरूर 1.17 फीसदी सस्ती हुई हैं। कपड़ों के दाम भी 6.30 फीसदी बढ़े हैं।
जनवरी में फलों के दाम 10.62 फीसदी और सब्जियों के 9 फीसदी बढ़े हैं। दिसंबर में सब्जियां सिर्फ 0.58 फीसदी सस्ती हुई थीं। पिछले महीने दाल के दाम 9.37 फीसदी, दूध इसके उत्पादों के 9.37 फीसदी, मसाले 8.38 फीसदी महंगे हुए। चीनी 1.10 फीसदी सस्ती हुई है।