अमेरिका में 3 साल में सबसे तेज ग्रोथ
अप्रैल-जून तिमाही में विकास दर 4.6 फीसदी
एजेंसी. वाशिंगटन |अमेरिकी अर्थव्यवस्थाने साल की दूसरी तिमाही में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। अप्रैल-जून तिमाही में यहां की ग्रोथ रेट 4.6 फीसदी रही है। यह 2011 से अब तक की सबसे अच्छी ग्रोथ रेट है। यह आंकड़ा इस लिहाज से भी उल्लेखनीय है कि पहली तिमाही में ग्रोथ रेट शून्य से 2.1 फीसदी कम (माइनस) रही थी। वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान अमेरिकी उपभोक्ताओं की खपत 2.5 फीसदी बढ़ी। पहली तिमाही में इसमें 1.2 फीसदी इजाफा हुआ था। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने अच्छी गति के साथ तीसरी तिमाही में प्रवेश किया है।
विश्लेषक जुलाई-सितंबर के दौरान 3.0 फीसदी विकास दर का अनुमान लगा रहे हैं।
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का अनुमान है कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की इस साल ग्रोथ रेट 2.0-2.2 फीसदी के बीच रहेगी। अमेरिका की जीडीपी अभी 17.5 लाख करोड़ डॉलर के आसपास है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी चीन की जीडीपी 10 लाख करोड़ डॉलर है।