पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुलिस ने कहा हादसे में हुई मौत परिजन कह रहे हैं हत्या की गई

पुलिस ने कहा हादसे में हुई मौत परिजन कह रहे हैं हत्या की गई

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नरहरपुर थानांतर्गत ग्राम मासूलपानी में 29 जनवरी की सुबह युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने घटना को सड़क हादसा बताया था। वहीं परिजन और ग्रामीण सबूत पेश करते हुए इसे हत्या बता रहे हैं। परिजनों ने गांव के ही कुछ युवक-युवतियों पर शंका जाहिर की है।

एसपी ऑफिस में सोमवार को शिकायत लेकर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने क्राइम ब्रांच या सीबीआई से जांच कराने सोमवार को एएसपी को ज्ञापन सौंपा। शिकायतकर्ता में मृतक के पिता घनाराम सुरोजिया, मां रुकमणी सुरोजिया, गीता सुरोजिया समेत बड़ी संख्या में परिजन व ग्रामीण शामिल थे।

प्रेम प्रसंग के चलते हत्या?

परिजनों का कयास है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का भी हो सकता है। गोपाल के साथ गए युवक का नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। वह युवक घटना की रात उसी युवती के साथ होना बताया जा रहा है। नाबालिग लड़की का दूसरी युवती, जिसका संबंध गोपाल से था, उसे फोन कर गोपाल की जानकारी ली गई थी।

इन सबसे अलग नाबालिग लड़की के पिता ने पहले गोपाल के परिजनों से उस दूसरे युवक के साथ गोपाल को नहीं भेजने भी कहा था। परिजनों का कहना है इन सबके बीच कुछ ऐसा हुआ है, जिसके चलते गोपाल की हत्या हुई है।

पुलिस की छानबीन कमजोर
पुलिस ने घटना से संबंधित लोगों से खानापूर्ति करने पूछताछ की है। मामले को दुर्घटना बताकर कार्रवाई की जा रही है, जबकि एेसा नहीं है। पुलिस की छानबीन काफी कमजोर है, जिससे हकीकत सामने नहीं आ रही है।

नए सिरे से कराई जाएगी जांच
मृतक के परिजनों ने मामले में संदेह जताते हुए घटना की बारीकी से जांच करने आवेदन सौंपा है। मामले की जांच नए सिरे से डीएसपी रैंक के अधिकारी से कराई जाएगी। कमलेश्वर चंदेल, एएसपी, कांकेर

परिजनों का सवाल- हादसे में मौत, तो कपड़े कैसे उतरे
मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना स्थल को देखते ही पहली नजर में मामला हत्या का साबित हो जाता है। जिसकी हादसे में माैत हुई हो, उसके कपड़े और सामान अलग-अलग कैसे पड़े मिलेंगे। मृतक की जब लाश मिली, तो वह नग्न अवस्था में थी। शर्ट-पेंट, अंडरवियर अलग-अलग जगह पड़े थे। मोबाइल के अलावा मोटरसाइकिल व उसकी चाबी भी अलग पड़ी मिली। परिजनों ने सवाल उठाया है कि हादसे के बाद मृतक नग्न कैसे हो सकता है। घटना स्थल से जो गमछा मिला है, वह साथ गए युवक का है। इसके अलावा मामले से जुड़े लोगों के बयान भी मेल नहीं खा रहे हैं।

क्या है मामला
28 जनवरी की सुबह पथर्री डोडकावाही निवासी गोपाल सुरोजिया को गांव के योगेश कुमार व राकेश घर से बुलाकर ले गए थे। युवकों ने कहा था वह उसे कांकेर छोड़ देंगे। वहीं योगेश पिता शिवनाथ को कांकेर से केशकाल विश्रामपुरी होते हुए ओडिशा करमरी छोड़ने चला गया। गोपाल भी साथ था। शाम करीब 7 बजे वे करमरी पहुंचे। विश्रामपुरी दुधावा होते हुए रात 9 बजे वे जामगांव नरहरपुर पहुंचे। यहां योगेश पेट दर्द का बहाना बनाकर प्रेमिका के घर चला गया, जहां वह सुबह तक था। गोपाल यहां से कहां गया, यह अब तक स्पष्ट नहीं है। 29 जनवरी की सुबह गोपाल की लाश मासुलपानी के पास पुल के नीचे मिली थी।

कांकेर. युवक की संदिग्धावस्था में लाश मिलने के मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करने पहुंचे मृतक के परिजन तथा ग्रामीण।

खबरें और भी हैं...