स्वीपरों को तीन माह से वेतन नहीं
मुढ़ीपार| खैरागढ़विकासखंड के शासकीय स्कूलों में पदस्थ सफाई कर्मियों (स्वीपर) को गत तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। लगातार तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण वे पाई-पाई के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, किन्तु उनकी कोई भी नहीं सुन रहा। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि स्कूलों में नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद भी उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पाता है, जबकि शिक्षकों के हड़ताल के समय भी वे बच्चों को पढ़ाने का काम भी करते हैं। ऐसी स्थिति में अब तक उन्हें लगातार तीन माह से वेतन नहीं मिल पाना बड़ी संकट बन गया है। साथ ही शासन उन्हें कम मजदूरी भी दे रही है जिससे उनका गुजारा नहीं चल रहा। सफाई कर्मियों ने जल्द से जल्द उनकी समस्याओं को ध्यान में रखकर वेतन भुगतान की मांग की है।