- Hindi News
- अटैचमेंट समाप्त हुआ तो छुट्टी पर गए डॉक्टर
अटैचमेंट समाप्त हुआ तो छुट्टी पर गए डॉक्टर
मरीजोंसे इलाज के नाम पर अवैध राशि की मांग करने सहित अपनी मूल पदस्थापना वाली जगह को छोड़कर सिविल अस्पताल में काम के दौरान दर्जनों आरोपों से घिरे डॉ.जितेंद्र ताम्रकार को कलेक्टर अशोक अग्रवाल ने मूल पदस्थापना वाली जगह बाजार अतरिया में पदस्थ करने के निर्देश दिया है। इसके परिपालन में सीएमओ ने पत्र भी जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि डॉ.ताम्रकार चार दिनों की छुट्टी लेकर बाहर चले गए हैं। इसके चलते आदेश पत्र की तामीली नहीं हो पाई है।
शासन के संजीवनी 108 मे इलाज के लिए अस्पताल पहुंची बीमार महिला से वाहन में ही चेकअप के बाद राशि मांगने को लेकर शुक्रवार की रात को अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया था। वहीं मामले में बीच बचाव करने आए पुजारी से डॉ. ताम्रकार ने मारपीट कर दी थी। घटना को लेकर डॉ. के खिलाफ बाजार अतरिया में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में कलेक्टर अग्रवाल से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। कलेक्टर के निर्देश के बाद अब प्रशासन उनसे सरकारी क्वार्टर भी खाली कराने की तैयारी कर रहा है। एसडीएम पीएस धु्रव ने बताया कि डॉक्टर ताम्रकार को एलाट क्वार्टर को खाली कराकर किसी अन्य डाक्टर या स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को एलाट किया जाएगा।