- Hindi News
- अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनाने निर्दलीयों के पाले में गेंद
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाने निर्दलीयों के पाले में गेंद
जनपदके दो क्षेत्रों में भाजपा समर्थित के निर्विरोध निर्वाचन और 23 क्षेत्र में परिणाम आने के बाद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को लेकर गेंद निर्दलीयों के पाले में है, हालांकि ज्यादातर का झुकाव भाजपा की ओर लग रहा है, जिसके चलते जनपद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित सभापति के सारे पद भाजपा खेमे में जाने की पूरी संभावना है। यहां से आठ क्षेत्र कांग्रेस अधिकृत, एक गोंगपा, दो निर्विरोध मिलाकर 6 भाजपा और शेष क्षेत्र निर्दलीय सहित बागी के कब्जे में है, लेकिन उनमें से भी ज्यादातर अज्ञातवास पर चले गए हैं।
क्षेत्र क्रमांक 1 भरतपुर से भाजपा समर्थित मिलो बाई नेताम ने कांग्रेस की रमशीला चंद्रवंशी को त्रिकोणीय मुकाबले में 81 मतों से, क्रमांक 2 चिचका से भाजपा समर्थित पांडादाह मंडल अध्यक्ष कमलेश्वर भदौरिया को कांग्रेस के मिहिर झा ने 224 मतों से, क्षेत्र क्रमांक 3 गातापार से छै प्रत्याशियों को पीछे छोड़कर गोंगपा के भागीरथी नेताम ने 590 मतों से जीत हासिल की। क्षेत्र क्रमांक 4 बैगाटोला से कांग्रेस की चंद्रिका बाई वैष्णव और अन्य दो को भाजपा समर्थित नेमा बाई वर्मा ने 742 मतों से, क्षेत्र क्रमांक 5 मुढ़ीपार में त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के पूर्व मंडी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा के संतोष सिन्हा को एक हजार से ऊपर मत से हराया, क्षेत्र क्रमांक 6 भंडारपुर से निर्दलीय गायत्री गाड़ा ने सौ मतों से बाजी मारी, क्षेत्र क्रमांक 7 भंडारपुर से पूर्व जनपद अध्यक्ष उमाबाई सिन्हा ने 452 मतों से जीत दर्ज की।
क्षेत्र क्रमांक 8 टोला गांव से त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस की ऐमबाई साहू को पीछे छोड़कर मीरा रेवाराम वर्मा ने 210 मतों से जीत हासिल की। क्षेत्र क्रमांक 9 चारभाठा से दुर्जन राम 61 मत से, क्षेत्र क्रमांक 10 सिंगारपुर से भाजपा की सविता जांगड़े 1061 मतों से, क्षेत्र क्रमांक 11 विक्रमपुर से कांग्रेस के आकाशदीप गोल्डी ने भाजपा के प्रहलाद वर्मा को 1131 मतों से पराजित किया। क्षेत्र क्रमांक 12 कुलीकसा से कांग्रेस की द्रौपदी गिरधारी वर्मा ने भाजपा की बालती वर्मा को सीधे मुकाबले में 984 मतों से, क्षेत्र क्रमांक 14 पांडादाह से रामेश्वर रामटेके ने क्षेत्र की राजनीति में नामचीन चेहरों को 518 मतों से हराकर जीत हासिल की, क्षेत्र क्रमांक 15 झीकादाह से कांग्रेस की कौशल्या वर्मा ने 700 से जीत हासिल की। क्षेत्र क्रमांक 16 दपका में भाजपा समर्थित परमानंद साहू को कांग्रेस समर्थित लखनलाल साहू ने एक हजार से ऊपर मत से हराया, क्षेत्र क्रमांक 17 टेकापार कला से कांग्रेस के संदीप सिरमौर सहित 6 प्रत्याशियों को पीछे छोड़कर पारखदास कोसरे ने 190 से जीत हासिल की, क्षेत्र क्रमांक 18 से कांग्रेस की कविता सिंह राजपूत ने 1191 से, क्षेत्र क्रमांक 20 राहुद से महेंद्र निषाद ने 502 मतो से, क्षेत्र क्रमांक 21 अतरिया से दुलारी केशलाल वर्मा ने कांग्रेस- भाजपा समर्थित को 524 से पराजित किया। क्षेत्र क्रमांक 22 जोरातराई से गणेश वर्मा ने महज 60 मतों से जीत हासिल की, क्षेत्र क्रमांक 23 शेरगढ़ से भाजपा समर्थित ममता गोपाल राजपूत ने कड़े मुकाबले मे श्वेता रिखभ जैन, कांग्रेस अधिकृत सनिला सुनील सिंह और सावित्री रमेश गुप्ता पीछे कर 208 से जीत हासिल की, क्षेत्र क्रमांक 24 रंगकठेरा में कांग्रेस की पूर्णिमा डड़सेना ने भाजपा की पुष्पा जैन को 2825 मतों के बड़े अंतर से हराया, 25 पांडुका से मीना राजेश वर्मा 400 मतों से जीती।
शहर में नपा अध्यक्ष का पद छोड़कर गांव की राजनीति में पैर जमाने आए विक्रांत सिंह का घोषित परिणामों के बाद जनपद का अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है, अधिकृत के अलावा ज्यादातर निर्दलीयों के समर्थन के चलते बहुमत की स्थिति निर्मित हो गई है, जिसके चलते अब संगठन के लोग उनकी ताजपोशी की तैयारी में लग गए हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद को लेकर क्षेत्र में राजनीति के नामचीन धुरंधरों को मैदान चटाने वाले रामेश्वर रामटेके का नाम उछल रहा है। इन सबके बीच जनता के बीच सामंजस्य बिठाकर काम करने वालों को ही नए अध्यक्ष अपनी टीम में शामिल करेंगे इसकी पूरी संभावना है।