- Hindi News
- रेलवे बोर्ड की इच्छा होगी तो चलेगी इंटरसिटी एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड की इच्छा होगी तो चलेगी इंटरसिटी एक्सप्रेस
एकतासंघर्ष मंच के प्रतिनिधियों के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के डीआरएम अजय प्रताप सिंह के साथ मंगलवार को बिलासपुर में बैठक हुई। जिसमेंें डीआरएम सिंह ने स्पष्ट किया कि वे इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर कोई लिखित आश्वासन नहीं दे सकते। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से उक्त ट्रेन को चलाने बंद करने के लिए रेलवे बोर्ड ने लिखित आदेश प्राप्त हुआ था, उसी तरह जब तक कोई आदेश नहीं आता है तब तक वे कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। कुल मिलाकर डीआरएम सिंह ने प्रतिनिधियों को संकेत दिया है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन का निर्णय रेलवे बोर्ड ही करेगा। उन्होंने इसके लिए चुने हुए जनप्रतिनिधियों को गंभीर प्रयास करने का सुझाव जरूर दिया। बैठक में शामिल मंच के प्रतिनिधि मंडल को डीआरएम ने बताया कि दो दिन पहले ही रेलवे सुरक्षा विभाग ने कोरबा-चांपा (बालपुर) बाइपास रूट पर यात्री ट्रेन चलाने की अनुमति दी है। आने वाले समय में इस रूट पर यात्री ट्रेन रेलवे बोर्ड चलाएगा। पिटलाइन को जल्दी शुरू होने के साथ ही बिलासपुर-इंदौर को कोरबा-इंदौर बनाकर चलाने के प्रस्ताव पर मांग को जायज बताते हुए प्रयास करने की बात कही। मंच के संयोजक वीएम मनोहर ने चर्चा के दौरान कोरबा गेवरा रोड स्टेशन पर यात्रियों को होने वाली परेशानी की ओर ध्यान दिलाते हुए निराकरण करने की मांग रखी। बैठक में इंटरसिटी एक्सप्रेस पर हुई चर्चा के बाद मनोहर ने जिले के लोगों से आंदोलन के लिए तैयार रहने कहा है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा है।