- Hindi News
- इंटरसिटी एक्सप्रेस को आगामी बजट में शामिल करने की मांग
इंटरसिटी एक्सप्रेस को आगामी बजट में शामिल करने की मांग
कोरबा | विधायकजयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कोरबा-रायपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन पुन: शुरू करने आगामी बजट में शामिल करने की मांग की है। अग्रवाल ने कहा है कि पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. चरणदास महंत के प्रयास से कोरबा से रायपुर के बीच सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन 28 फरवरी 2014 को शुरू हुआ था। यह ट्रेन सुबह 6.55 बजे कोरबा से चलकर चांपा, बिलासपुर होते हुए सुबह 11 बजे रायपुर पहुंचती थी। शाम को रायपुर से 6.05 बजे रवाना होकर रात 10.20 बजे वापस लौटती थी। इस ट्रेन का लाभ हजारों यात्रियों को रोज मिल रहा था। ऊर्जानगरी में एनटीपीसी, बालको, वेदांता, लैंको, वंदना, एसईसीएल, विद्युत उत्पादन कंपनी के साथ अन्य पावर प्लांट स्थित हैं। कोयला बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण रेलवे के लिए लाभप्रद है। यहां विद्युत संयंत्रों से 6 हजार मेगावाट विद्युत उत्पादन होता है। कोयला खदानों से प्रतिवर्ष 85 मिलियन टन कोयले का उत्पादन हो रहा है। इसके बाद भी कोई सुपर फास्ट ट्रेन नहीं चल रही है।