निगम का स्वच्छता अभियान जारी
कोरबा. स्वच्छभारत अभियान के तहत नगर निगम ने विशेष स्वच्छता अभियान का संचालन शुरू कर दिया है। नगर के विभिन्न स्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त आलोक चन्द्रवंशी ने अभियान का निरीक्षण करने के साथ ही सार्वजनिक शौचालयों सुलभ काम्पलेक्सों का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत अभियान के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक यह अिभयान चलाया जाएगा। जिसमें बाजार, सड़क गली की सफाई का कार्य, स्कूल कालेजों की सफाई, अस्पतालों की सफाई, पब्लिक टायलेट की सफाई, निगम क्षेत्र में स्थित विभिन्न संस्थानों, संस्थाओं, आफिसों के लिए स्वच्छता दिवस, हाथठेला, गुमटी, वेन्डर्स, होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी आदि में स्वच्छता दिवसों के साथ-साथ 2 अक्टूबर को स्वच्छता के प्रति शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के आयोजन शामिल है। 2 अक्टूबर को प्रभात फेरी, रैली, खेदकूद के आयोजन स्वच्छता विषय को लेकर किया जाए, इसके साथ ही बाग-बगीचों, खेल मैदानों, फुटपाथों की सफाई, पेयजल स्त्रोतों, तालाबघाटों, हैण्डपंप, बोर की सफाई रखरखाव के साथ-साथ स्वच्छ अभियान कार्य के लिए स्वसहायता समूह, एनजीओ, एनसीसी, एनएसएस, मितानिनों के सहयोग से वार्ड, गली, मोहल्लों में स्वच्छता अभियान एवं जनजागरण के कार्य किए जाने हैं। इससे पूर्व पुराना बस स्टैण्ड, मुख्य मार्ग, बस स्टैण्ड, प्रेस काम्पलेक्स, इतवारी बाजार, पुराना मटन मार्केट, चित्रा टाकिज के आसपास, सार्वजनिक शौचालयों एवं सुलभ काम्पलेक्सों, पुराना मटन मार्केट, चित्रा टाकिज क्षेत्र मंे सफाई कार्य कराए गए हैं।