एसई पर हमला कराने वाला ठेकेदार गिरफ्तार
जांजगीरमें विद्युत विभाग के एसई पर हमला कराने में शहर के एक ठेकेदार का हाथ था। जांजगीर पुलिस ने उक्त मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया।
एक पखवाड़े पहले 25 अगस्त को चांपा-जांजगीर मार्ग में जांजगीर विद्युत विभाग के एसई रामअवतार पाठक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। इस मामले की जांच करते हुए जांजगीर पुलिस ने बिलासपुर के 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में कोरबा के ठेकेदार कमल विधवानी के द्वारा सुपारी देकर हमला करवाने की बात सामने आई थी। जिसके बाद से जांजगीर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। कोरबा पुलिस से सहयोग लिया गया। लेकिन मास्टर माइंड कमल फरार चल रहा था। आखिरकर मुखबिर की सूचना पर जांजगीर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक विद्युत वितरण लाइन में मेंटेंनेश के ठेके को लेकर हुए विवाद पर एसई की हत्या करने की योजना से हमला कराया गया। इस घटना के बाद बिजली अधिकारियों में चर्चा सरगर्म है।