व्याख्याताओं की पदोन्नति दिसंबर तक
कोरबा | प्राचार्यव्याख्याता के पदों पर पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर की जाएगी। यूडीटी व्याख्याताओं की नए सिरे से वरिष्ठता सूची बनाने का निर्देश जारी कर दिया गया है। यह जानकारी लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ने छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ को दी है। इसके बाद संघ ने अपना आंदोलन दीपावली तक के लिए स्थगित कर दिया है। संघ ने 22 सितंबर को अजाक मंत्री केदार कश्यप का घेराव करने और धरना का ऐलान किया था। लेकिन विभाग के संचालक द्वारा एक दिन पहले ही कार्रवाई के संबंध में अवगत कराने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
विभाग ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक दिसंबर 2014 तक पदोन्नति की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। सहायक शिक्षकों को समयमान वेतनमान देने और व्याख्याताओं के लिए समयमान वेतनमान की विसंगति में सुधार करने का प्रस्ताव सात दिन में सामान्य प्रशासन वित्त विभाग को भेज दिया जाएगा। 600 रुपए अवरोध भत्ता को शिक्षकों के ग्रेड पे में जोड़ने के संबंध में प्रस्ताव 7 दिन में वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
शिक्षा आयोग शीघ्र बहाल कर कार्यशील कर दिया जाएगा। दो पाली में संचालित स्कूल के बच्चों को भूख के समय मध्याह्न भोज मिलकर 2.30 बजे मिलना उचित नहीं है। ऐसे में सुबह 9 से 3 बजे की पाली वाले स्कूल 10.30 बजे से 4.30 बजे तक रखने के संबंध में सत्र के अंत में विचार किया जाएगा। संघ के प्रांतीय मंत्री गजानंद दुबे ने बताया कि शासन स्तर पर कार्रवाई शुरू किए जाने के कारण दीपावली तक आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।