- Hindi News
- ट्रेन देख नहर में गिरी, मछली पकड़ रहे युवकों ने बचाया
ट्रेन देख नहर में गिरी, मछली पकड़ रहे युवकों ने बचाया
संजयनगर रेल फाटक के पास नहर पुल से गुजरते समय सामने रही मालगाड़ी को देखकर महिला घबरा गई। वह अनियंत्रित होकर नीचे नहर में गिर गई। समीप मछली पकड़ने के लिए बैठे दो युवकों ने पानी के तेज बहाव में कूदकर उसे बचाया।
सिटी कोतवाली अंतर्गत गुप्ता गली निवासी मीरा साहू (40) पति तीज राम सोमवार की सुबह करीब 11 बजे संजय नगर रेलवे फाटक की ओर गई थी। जहां वह नहर के ऊपर बने पुल को पार कर रही थी। इसी दौरान कोरबा स्टेशन से गेवरा रोड की ओर जा रही मालगाड़ी पुल के समीप पहुंची। मालगाड़ी को देखकर महिला घबरा गई। वह अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। समीप ही दो युवक मछली पकड़ने के लिए बैठे थे। महिला को नहर में गिरकर बहते देख दोनों युवकों ने उसे बचाने नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच मशक्कत के बाद महिला को उन्होंने बचाया। हालांकि नहर से बाहर निकालते समय तक महिला बेहोश हो गई। उसे जिला अस्पताल दाखिल कराया गया है। दूसरी ओर महिला को नहर में डूबने से बचाने वाले दोनों युवक वहां से घर चले गए।
देखनेमें आगे, अस्पताल भिजवाने में नहीं : घटनाके समय दो युवक नहर में पानी के तेज बहाव के बीच महिला को बचाते हुए किनारे तक लाए। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। लेकिन कोई भी आगे बढ़कर हाथ बढ़ाने को तैयार नहीं था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लक्ष्मणबन निवासी समारू साहू ने हाथ बढ़ाते हुए महिला को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद महिला को अस्पताल भिजवाने के लिए भी कोई तैयार नहीं हो रहा था। समारू ने ही आगे बढ़कर संजीवनी एक्सप्रेस में महिला को अस्पताल तक पहुंचाया।
घायल महिला मीरा साहू।