कॉलेज ने ठाना है तो रुसा के माप दंडों पर जरूर खरा उतरेगा: शर्मा
राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के तहत जिस विषय को लेकर कार्यशाला आयोजित है वह यहां के लोगों की बेहतर सोच को दर्शाता है। यह बातें बिलासपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जीडी शर्मा ने कार्यशाला के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि एक्सीलेंस एकेडमी इन कॉलेज एजुकेशन विषय की सार्थकता इस बात को साबित करती है कि यह कॉलेज कुछ अलग करना चाहता है। जब कॉलेज परिवार ने यह सोच बना ही लिया है तो चुनौतियों का सामना करते हुए रुसा के मापदंडों पर अवश्य खरा उतरेगा।
प्रो.शर्मा सोमवार को शासकीय मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज में रुसा पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता थे। उन्होंने बताया कि हमारे यहां सबसे बड़ी समस्या इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रोफेसर व कक्षाओं में सीट की है। रुसा भी इन कमियों को दूर करने कॉलेजों को प्रेरित करता है। इसके लिए कॉलेजों के प्रोफेसर्स व स्टूडेंट्स को भी सहयोग करना होगा। सेमेस्टर प्रणाली अगले सत्र से लागू हो जाएगी। इससे छात्र-छात्राओं को नियमित कॉलेज आने में रुचि बढ़ेगी, वहीं बीच-बीच में टेस्ट परीक्षा से क्रेडिट का निर्धारण किया जाएगा। अब कॉलेज स्तर से ही छात्र-छात्राओं को स्किल डेवलपमेंट से भी जोड़ा जाएगा। कार्यशाला में केएन कॉलेज की प्राचार्य केजे कौर, मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य मंजू त्रिपाठी, बिलासपुर से डॉ. सीमा मिश्रा, डॉ. कावेरी दाभडकर, डॉ.सुभदा राहलकर, डॉ. आरती सिंह, डॉ. राजेश सक्सेना ने व्याख्यान दिया। कार्यक्रम संयोजक केपी सिंह थे। संचालन डॉ. अंजली राय, डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने किया।
रुसा भी इन कमियों को दूर करने कॉलेजों को प्रेरित करता है
रुसा एक मिशन है : कौर
केएन कॉलेज की प्राचार्य मंजू त्रिपाठी ने कहा कि रुसा एक मिशन है। इससे हम राष्ट्र निर्माण में योगदान कर सकते हैं। यह सोच छात्र-छात्राओं को कालेज स्तर की पढ़ाई के दौरान ही अपनाने के लिए रुसा प्रेरित करता है।
ग्रेडिंग में कोरबा काफी पीछे
तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए प्रो. शर्मा ने बताया कि वहां के लोग इतने जागरुक हैं कि समस्या खोजनी पड़ती है। हर क्षेत्र में वहां के लोग आगे हैं। हायर एजुकेशन में तमिलनाडु का प्रतिशत 43 से ऊपर है। जबकि छत्तीसगढ़ की ग्रेडिंग 14 प्रतिशत की है। इसमें बिलासपुर 22 से 26 तो कोरबा 8 प्रतिशत की ग्रेडिंग लिए है।
कार्यशाला के दौरान बिलासपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जीडी शर्मा व मंचस्थ प्राचार्य।
विलासा गर्ल्स कॉलेज से लेनी होगी प्रेरणा: प्रो.शर्मा ने बताया कि उन्हें गर्व है गर्ल्स कॉलेज की कार्यशाला में शामिल होने का अवसर मिला है। बीयू के 162 कॉलेजों में बिलासपुर का बिलासा गर्ल्स कॉलेज अग्रणी कॉलेज है। मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज को प्रेरणा लेकर अपना नाम भी अग्रणी कॉलेज की श्रेणी में दर्ज कराना होगा।