हादसे में मृत व्यक्ति की शिनाख्त नहीं
सीतामणीरोड में हुए सड़क हादसे में मृत व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी। पहले मृतक को इमलीडुग्गू निवासी जरहा बताया जा रहा था लेकिन जब पुलिस उसके घर पहुंची तो दो दिन पहले ही उसकी मौत होने का पता चला। रविवार की शाम शहर के सीतामणी के पास शिव शक्ति बस की चपेट में आकर एक साइकिल सवार की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक को इमलीडुग्गू निवासी जरहा होना बताया। इसके आधार पर पुलिस वैधानिक कार्रवाई में लगी थी। मृतक के परिजनों को सूचना देने के लिए कोतवाली पुलिस रात में जरहा के घर पहुंची। लेकिन वहां जरहा के परिजन पुलिस की बात सुनकर चौक गए। क्योंकि जरहा की मौत दो दिन पहले हो चुकी थी। पुलिस कर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी सिटी कोतवाली प्रभारी यदुमणी सिदार को दी। जिसके बाद पुलिस ने मृतक को अज्ञात मानते हुए उसके शिनाख्त के लिए प्रयास शुरू किया। लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। कोतवाली पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त में सहयोग मिल सके।