बताती जंगल में सागौन के और ठूंठ मिले
बताती जंगल में अवैध पेड़ कटाई की जांच जारी है। सौ से अधिक ठूंठ मिलने के बाद और ठूंठ जांच में मिले हैं।
डीएफओ विवेकानंद झा की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है। विधायक श्यामलाल कंवर की शिकायत पर अवैध पेड़ कटाई का मामला सामने आया था। सागौन के साथ ही साल व अन्य प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई कर ली गई थी। मौके से लकड़ी भी बरामद किया गया है। बताती जंगल में इससे पहले भी पेड़ कटाई का मामला सामने आया था। जिसमें लकड़ी तस्कर पकड़े गए थे। एक माह पहले भी कलमीटिकरा में 77 पेड़ काटने का मामला सामने आया था। जांच में कुछ और ठूंठ मिले हैं। वन अमला इसकी जांच में जुटा हुआ है। विधायक श्यामलाल कंवर का कहना है कि जंगल में 500 से अधिक पेड़ों की कटाई हुई है। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।