पानी टंकी के पास नहाने गए मजदूर की मौत
कोरबा | लैंको के लेबर कालोनी में मंगलवार की सुबह नहाने गए एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उरगा थाना अंतर्गत पताढ़ी में स्थित लैंको अमरकंटक पॉवर प्लांट में नियोजित एक ठेका कंपनी में पश्चिम बंगाल निवासी महादेव सरकार (55) कार्यरत था। वह कंपनी के अन्य कर्मचारियों के साथ प्लांट से बाहर स्थित लेबर कालोनी में रहता था। मंगलवार की सुबह वह कालोनी में लगे पानी टंकी के पास नहाने गया था। जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने शार्ट पीएम रिपोर्ट में हार्ट फेल होने से मौत होने की जानकारी पुलिस को दी है।