- Hindi News
- फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 75 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 75 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
कोरबा | अग्रवालसभा के तत्वावधान में अग्रसेन जयंती पर्व के उपलक्ष्य में आठवें दिन शनिवार को नव युवक मंच के संयोजन में बच्चों के लिए विविध वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अग्र समाज के बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। बच्चों के लिए दो वर्गों में विविध वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रथम वर्ग में कक्षा दूसरी तक के 40 बालक-बालिकाएं सम्मिलित हुए। वहीं द्वितीय वर्ग में कक्षा तीसरी से पांचवी तक के 35 बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी पात्र प्रदर्शन के लिए दो मिनट का समय दिया गया था। इस दौरान प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक वेशभूषा धारण कर लोगों के बीच अपनी प्रस्तुति दी। कोई बच्चा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में नजर आया तो किसी ने पेड़ का रूप धारण कर लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। किसी ने किताब बनकर लोगों को ज्ञान का महत्व बताया तो किसी ने फुलों का गुलदस्ता बनकर खुशियों का पैगाम दिया। किसी ने फेसबुक का वेश धारण कर तकनीकी संचार सेवा के ज्ञान से 21वीं सदी के मानव पीढ़ी के दर्शन कराए। कार्यक्रम के दौरान मंच पर विभिन्न परिधानों में सजे धजे बच्चों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बच्चों में कोई राधा कृष्ण, तो कोई राधा रानी, कोई भगवान राम, स्पाइडर मैन, सुपरमेन के रूप में मंच पर उतरे।