तुम मुझे बस एक घंटा समय दो, मैं तुम्हारा जीवन भर साथ दूंगा
वैलेन्टाइन डे को लेकर मन में लोगों के अलग-अलग विचार आते हैं। लेकिन निगम के वार्ड क्रमांक 28 आरपी नगर के लोगों ने रविवार को यादगार बना डाला। जीवन से प्यार की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 750 मीटर क्यारी में गेंदा, डहलिया व सेवंती के फूल ही नहीं लगाए बल्कि इसे सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। जिसमें लायंस क्लब के साथ कालोनी के 300 से अधिक लोगों ने भागीदारी निभाई।
वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद अमरनाथ अग्रवाल ने अपने वार्ड को फूलों की बगिया बनाने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए वार्ड के लोगों को फूल व फलदार पौधे बांट चुके हैं। सुभाष चौक से आरपी नगर फेस-2 जाने वाले मार्ग के बीच में निगम का डिवाइडर बना हुआ था। उसे गार्डन के रूप में विकसित करने लायंस क्लब कोरबा ने गोद लिया है। इसके लिए फूलों के पौधे देने पार्षद आगे आए। साथ ही लोगों की भागीदारी से रविवार को अलग-अलग प्रजाति के 250 फूल के पौधे लगाए। हार्ट (दिल) बेहतर रहे इसके लिए एक थीम है कि तुम मुझे एक घंटा समय दो मैं जीवन भर साथ दूंगा की तर्ज पर सभी ने भागीदारी निभाई। पौधे की सुरक्षा दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति ने देखभाल करने का निर्णय लिया है।
योग मंच में कर सकते हैं लोग व्यायाम
आरपी नगर में एक ओर योग मंच बनाया गया है। जहां प्रतिदिन सुबह लोगों को योग, प्राणायाम कर सकेंगे। स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम बहुत जरूरी होता है।
दोनों ओर एक्यूप्रेशर पथ की सुविधा
बगिया के दोनों ओर एक्यूप्रेशर पथ बनाया गया है। जहां रोज सुबह-शाम लोग पैदल चलकर स्वस्थ रह सकते हैं। यह सुविधा पहले गायत्री मंदिर सीएसईबी कालोनी परिसर में ही थी। अब लोगों को आरपी नगर में भी सुविधा मिल सकेगी।
मैदान की दीवारों में थ्रीडी आर्ट बनेंगे
दशहरा मैदान के दीवारों में थ्रीडी आर्ट लगाने का काम भी शुरू किया जा रहा है। जिसमें लोगों को संदेश दिया जाएगा। स्वच्छता के साथ स्वस्थ्य रहने समेत अन्य विषयों पर चित्र बनाए जाएंगे।
कोरबा : वार्ड के लोगों ने लगाए फूल के पौधे, बाजू में एक्युप्रेशर पथ का निर्माण, पौधा लगाते एसडीएम ठाकुर व पार्षद अमरनाथ।