ड्यूटी के बाद स्कूटी में घर लौट रहे कर्मियों को ट्रेलर ने मारी ठोकर
भास्कर संवाददाता | हरदीबाजार
रलिया बस स्टैंड के पास रविवार की सुबह एक तेजरफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को ठोकर मार दी। घटना में स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए।
कुसमुंडा थाना अंतर्गत खम्हरिया में रहने वाले रघुवीर यादव (45) व संतोष रात्रे (28) कुसमंंुडा स्थित आईबीपी बारूद फैक्टरी में कार्यरत है। शनिवार को वह नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करने के बाद सबेरे 6 बजे छूटे थे। इसके बाद वे दोनों स्कूटी क्रमांक सीजी 12 एम 8864 में सवार होकर हरदीबाजार चौकी क्षेत्र के रलिया गांव में एक परिचित के यहां गए थे। जहां सुबह लगभग 9 बजे रलिया बस स्टैंड के पास सामने से आ रही तेजरफ्तार ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 जेसी 9564 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को ठोकर मार दी। घटना में स्कूटी सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की सहायता से उन्हें स्थानीय अस्पताल भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटनाकारित ट्रेलर का चालक घटना होते ही मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का अपराध दर्ज कर लिया है।
कोरबा : क्षतिग्रस्त स्कूटी, घायल कर्मी को अस्पताल ले जाते हुए।
कोरबा : दुर्घटना के बाद ट्रेलर को लोगों ने घेर लिया।