पेंटिंग में दिया स्वच्छता का संदेश
नगर निगम के तत्वावधान में अप्पू गार्डन में आयोजित आर्ट इन द पार्क में 25 स्कूलों के 700 से अधिक बच्चों ने एक साथ पेंटिंग बनाकर स्वच्छता व प्रदूषणमुक्त शहर बनाने का संदेश दिया। उनके अभिभावकों ने गार्डन की सुंदरता के लिए झूले, ग्रील की पेंटिंग की।
कार्यक्रम में महापौर रेणु अग्रवाल, कलेक्टर पी दयानंद, जिला पंचायत सीईओ विलास संदीपान भोस्कर, एसडीएम गजेन्द्र सिंह, निगम आयुक्त अजय अग्रवाल के अलावा अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने भी पेंटिंग कर बच्चों को आगे बढ़ने प्रेरित किया। अप्पू गार्डन शनिवार को बच्चों के लिए पेंटिग क्लास नजर आया। स्पर्धा में भाग लेने बच्चे उत्साहित थे। तीन ग्रुप में इसके लिए प्रतियोगिता हुई। विजयी प्रतिभागियों को जन सहयाेग से पुरस्कृत भी किया गया। पेंटिंग से बच्चों ने घर के अलावा आस-पास को साफ रखने का संदेश दिया। पार्षद विकास अग्रवाल के साथ पहल नामक संस्था ने इसमें भागीदारी निभाई।