प्लेटफाॅर्म नंबर 2 व 3 पर बनाया जा रहा नया शेड
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 पर यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम हो रहा है। यहां शेड बनाने के साथ-साथ पेयजल की सुचारू व्यवस्था भी की जा रही है।
एसईसीआर बिलासपुर डिवीजन से अनुमति मिलते ही यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए काम कराया जा रहा है। स्टेशन की स्थापना के बाद ट्रेनें बढ़ीं, प्लेटफार्म का विस्तार भी हुआ, लेकिन यात्रियों को धूप व बारिश से बचने शेड की कमी पूरी नहीं हो सकी थी। अब इस दिशा में काम शुरू हो गया है। फरवरी के अंत तक शेड तैयार हो जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 1 को छोड़ दें तो 2-3 पर यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधा नहीं थी। इस प्लेटफार्म पर लगभग 900 मीटर लंबे प्लेटफार्म पर महज दो जगह 50 व 30 मीटर लंबाई के शेड है जो यात्रियों के लिए पर्याप्त नहीं है।
बन रहे 3 जगह शेड
प्लेटफार्म नंबर 1 पर उरगा की ओर 30 मीटर लंबा तो प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर उरगा व गेवरारोड दोनों छोर पर 30-30 मीटर लंबाई वाला शेड बनाया जा रहा है। एक नंबर पर जहां पिल्लर लगाने गड्ढों की खुदाई कर ली गई है वहीं 2-3 पर पिल्लर के साथ स्ट्रक्चर खड़ा हो गया है। कुछ दिन में शेड बिछा दिया जाएगा।
इस महीने के आखिरी तक हो जाएगा तैयार
लंबे समय से इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही थी। डिवीजनल कार्यालय से शेड विस्तार के लिए मांग रखी गई थी। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया गया है। फरवरी के अंत तक यात्रियों को शेड की सुविधा मिलने लगेगी। विरेन्दर कादयान, एआरएम, कोरबा
इंटरसिटी मिलने की संभावना
कोरबा से रायपुर के बीच प्रायोगिक तौर पर शुरू हुई स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन बंद हो चुकी है। इस ट्रेन को इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूप में नियमित संचालन की मांग विभिन्न संगठनों द्वारा लंबे अरसे से की जा रही है। केन्द्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु से सांसद डॉ. बंशीलाल महतो ने मिलकर भी यह मांग रखी है। सूत्र बताते हैं कि इस बार के रेल बजट में गाड़ी के संचालन की घोषणा हो सकती है।
पानी की समस्या होगी दूर
दोनों ही प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त सुविधा दी गई है। निर्माण के कारण लंबे समय से बिछाई गई पाइप लाइन डेमेज होने से सभी टंकियों में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाती थी। इस खामी को भी दूर कर लिया गया है। इस गर्मी में यात्रियों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
कोरबा : प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर चल रहा काम।