तेज रफ्तार, स्वीफ्ट कार भिड़ी रिक्शा से
भास्कर संवाददाता | कोरबा-बालकोनगर
एक तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार ने स्कूली बच्चों से भरी एक रिक्शा को गुरुवार की दोपहर टक्कर मार दी। इस घटना में रिक्शा पर सवार नर्सरी स्कूल के बच्चे घायल हो गए। बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बालको अस्पताल से घर भेज दिया गया। रिक्शा चालक को ज्यादा चोट आयी है।
पुिलस के अनुसार बालको थाना अंतर्गत एसबीआई बैंक के समीप यह हादसा हुआ। बालको क्षेत्र में ही एक नर्सरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे 11.30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रतिदिन की तरह रिक्शा पर बैठकर घर जा रहे थे। रिक्शा चालक इतवारी राम प्रजापति बच्चों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान बालको एसबीआई बंैक चौक के समीप एक तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार क्रमांक सीजी-12 एजे 2290 के चालक सौरभ मिश्रा ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए रिक्शा को टक्कर मार दी। जिससे रिक्शा में बैठे चालक सहित स्कूली बच्चे गिर गए। पुिलस के अनुसार हादसे के दौरान तीन बच्चे रिक्शा पर सवार थे। घायल बच्चों में नेहा महंत (4), हिमांशी पटेल (4) व भूमिका कैवर्त (5) का नाम शामिल हैं। इस घटना से मौके पर अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी। मौके से गुजर रहे लोगों ने बच्चों व रिक्शा चालक इतवारी को उठाया। फिर तत्काल उनको बालको के विभागीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया। इस घटना में रिक्शा चालक को काफी चोट आयी है। वहीं बच्चों को भी चोट लगी है। बच्चों को मामूली चोट लगी थी। जिसके कारण सभी को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
कोरबा : घायल रिक्शा चालक, जब्त कार।