ट्रैक्टर में पैरा ढंककर ले जा रहे थे कोयला, चालक सहित 6 पकड़ाए
भास्कर संवाददाता | कोरबा-हरदीबाजार
हरदीबाजार पुलिस ने अवैध रूप से कोयला परिवहन के मामले में दो ट्रैक्टर को जब्त किया है। दाेनों ट्रैक्टर पर कोयला लदा हुआ है। कोयला को पैरा से ढंककर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में चालक सहित 6 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
हरदीबाजार पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि दो बिना नंबर वाले दो ट्रैक्टरों पर कोयला भरकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने हरदीबाजार के धतुरा चौक के पास घेराबंदी करते हुए पहले बिना नंबर वाले लाल टैक्टर को रात्रि 3.30 बजे पकड़ा इसके बाद दूसरे ट्रैक्टर को उसी रूट पर सुबह 5 बजे के करीब पकड़ा। कोयला लोड ट्रैक्टरों को जब्त कर उनके चालक को हिरासत में ले लिया। दोनों ही ट्रैक्टर पर सवार तीन-तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में राजकुमार आदिले, परदेशी राम, सत्यानारायण सांडे, प्रकाश, प्रभात व नरेश कुमार पांडेय का नाम शामिल है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में खदानों से कोयला चोरी कर उसका अवैध परिवहन लंबे समय से किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुखबीर से सूचना मिलने पर पुिलस ने यह कार्रवाई कर वाहनों को जब्त कर चालक से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि कोयला तस्करी में लिप्त लोग कोयले को ट्रैक्टर की मदद से जांजगीर व बलौदा सहित अन्य जिलों में खपा दिया जाता है। कोयला ढाबों व ईट भट्टों में बेचा जाता है। किसी को संदेह न हो इस लिहाज से कोयला तस्करी में लिप्त लोग ट्रैक्टर में कोयला भरने के बाद उसके उपर पैरावट ढंक देते है। इस बार पुलिस ने जब कार्रवाई की तो मामला ऐसे ही निकला। जिसमें चालक कोयला को उपर से पैरा ढंककर ले जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 41(1)379 के तहत कार्रवाई किया है।
कोरबा : हरदीबाजार चौकी परिसर में खड़ी वाहन।