पिकअप में सागौन ले जाते युवक पकड़ाया
कोरबा | वनविभाग की उड़नदस्ता टीम ने शनिवार की रात एक पिकअप को सागौन का लट्ठा ले जाते पकड़ा है। जिसकी कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी चालक के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप को राजसात की जाएगी। वन परिक्षेत्राधिकारी सीआर नेताम ने बताया कि उप वन परिक्षेत्र अिधकारी जेएस सिंदुर को सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक सीजी-12ई-1036 में सागौन का 7 नग गोले ले जाया जा रहा है। उड़नदस्ता टीम पकड़ने के लिए वन मंडल कार्यालय के सामने घात लगाकर बैठी थी। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक किशन वैष्णव पिता नारायण वैष्णव तेज रफ्तार से भागने लगा। उड़नदस्ता टीम ने पीछा करते हुए निहारिका के समीप घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि सागौन के गोले को डुमरडीह से लोड कर ला रहा था। दो युवकों ने वाहन को किराए में लिया था। रेंजर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। वाहन को राजसात किया जाएगा।
वाहन में जब्त सागौन की लकड़ी।