- Hindi News
- तुमगांव के स्कूली बच्चों को मिला अपना भवन
तुमगांव के स्कूली बच्चों को मिला अपना भवन
प्रदेशके गृह, जेल मंत्री एवं जिले प्रभारी मंत्री रामसेवक पैकरा ने तुमगांव में 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित शासकीय हाई स्कूल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 83 लाख 24 हजार की लागत से बनने वाले हायर सकेंडरी स्कूल भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधायक डा विमल चोपड़ा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष छाया चंद्राकर, शाला विकास समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर सहित गणमान्य नागरिक, नगर पंचायत के पार्षदगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मंत्री श्री पैकरा ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने की समझाईश दी। शिक्षा के साथ-साथ संस्कार का बड़ा महत्व है, पढ़ लिखकर मां बाप का नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों से छात्रवृत्ति गणवेश, पाठ्य पुस्तक वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी का आव्हान किया। गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर को अपने दैनिक जीवन स्वच्छता के प्रति जागरूक होने हर घर में शौचालय निर्माण तथा उनका शत्-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का संकल्प लेना है, जिससे निर्मल भारत अभियान सफल हो। इसके अलावा उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का भी आव्हान किया। विधायक डा चोपड़ा ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए और नगर पंचायत तुमगांव की लंबित पेयजल आवर्धन योजना के संबंध में प्रभारी मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया।