पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लोकनृत्य,ओडिसी कलाकारों ने बांधा समां

लोकनृत्य,ओडिसी कलाकारों ने बांधा समां

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजिमकुंभ के मुख्य मंच पर अलग-अलग जगह से आए कलाकारों ने लोकनृत्य, ओडिसी, भजन आदि की प्रस्तुति से समां बांधा। मेले में आए लोगों ने देर तक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। गुरु देवेंद्रनाथ बहेरा (नृत्यम डांस एकेडमी) के मार्गदर्शन में रायगढ़ की कक्षा 6वीं की छात्रा अदिति ने ओडिसी नृत्य, शिव ताण्डव भगवती स्तुति का प्रदर्शन किया, सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा राजिम के छात्र-छात्राओं ने लोक नृत्य कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया साथ उन्होंने राजीवलोचन नाथ जैसे भजनों से दर्शकदीर्घा को भावविभोर कर दिया।

मेला स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत पंडित परिषद के स्वस्तिवाचन से हुई। लोग दिन भर का काम काज निपटाने के बाद संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने राजिम कुंभ के सांस्कृतिक मंच के सामने जुट गए थे। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक गीत छेरा छेरा पुन्नी, फूल झरे हांसी, सरगुजा नाचे पर कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया। पिपरौद स्कूल की हेमप्रभा साहू ने नशा मुक्ति पर आधारित भरथरी गायन से लोगों को जागरूक किया। ग्रामीण विकास संगठन मुड़ियाडीह (महासमुंद) के विजय कुमार मिरचे ने पंथी नृत्य के माध्यम से गुरु घासीदास बाबा की महिमा का बखान किया। राजेश भाटशंकर राजिम ने जसगीत जय महामाया गाया।

छत्तीसगढ़ झंकार म्यूजिकल ग्रुप गुढियारी रायपुर के संतोष थापा एवं साथियों के गणेश वंदना, कर्मा वंदना, शिवशंकर वंदना, अरपापैरी के धार, दीवाना तेरा आया था, शिरडी के सांई बाबा जैसे गीतों को सुनकर लोग थिरक उठे। चौबे बांधा राजिम के दीपक श्रीवास ने श्याम भजन संध्या के माध्यम से मां मेरी मां, चलो बुलावा आया है, गाड़ा गाड़ा जोहर, हर हर महादेव जैसे गाने गाए। सरस्वती माता लोक कला मंच अशोक नगर दुर्गा चौक रायपुर के कलाकार मनोज कुमार राजपूत एवं साथियों ने छत्तीसगढ़ में गाये जाने वाले बारहमासी गीत, पंथी गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में सरगम नाचा पार्टी तेंदुआ (अभनपुर) के कलाकारों ने हास्य प्रहसन से दर्शकों को खूब हंसाया।

राजिम. 6वीं की छात्रा ओडिसी नृत्य पेश करती हुई।

राजिम. सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक मंच के कलाकारों ने अपनी मंचीय प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। भीड़ कम थी लेकिन तालियों की गड़गड़ाहट तेज थी।