- Hindi News
- केंद्रों का निरीक्षण नहीं करने पर पर्यवेक्षक की एक वेतनवृद्धि रोकी
केंद्रों का निरीक्षण नहीं करने पर पर्यवेक्षक की एक वेतनवृद्धि रोकी
आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं करने एवं कार्य में लापरवाही बरतने के कारण कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग पिथौरा की पर्यवेक्षक पार्वती शर्मा का एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने लाखागढ़ प्राथमिक स्कूल के बच्चों से वर्णमाला की जानकारी ली। बच्चों द्वारा ठीक से जानकारी नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की और शिक्षकों को बेहतर ढंग से पढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन रसोईयों से उनके कुकिंग कास्ट, भुगतान की जानकारी ली। शिक्षकों से गणवेश वितरण एवं पाठ्य पुस्तक वितरण के संबंध में आवश्यक पूछताछ की। स्कूलों में शौचालय की स्थिति एवं उनके रख-रखाव की जानकारी ली और स्वच्छता बरतने को कहा। उन्होंने बच्चों को मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन परोसने के निर्देश दिए। प्रत्येक आंगनबाड़ी, स्कूल एवं उप स्वास्थ्य केंद्र समय पर खुले इसमें कर्मचारियों की उपस्थिति नियमित हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को समय पर मध्यान्ह भोजन एवं रेडी-टू-ईट का वितरण हो। कलेक्टर ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान इस आशय के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने पिथौरा विकासखंड मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम लाखागढ़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक, मिडिल स्कूल, एवं पूर्व माध्यमिक शाला भगतदेवरी का छापामार शौली में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन, रसोई गृह एवं शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी श्रीवास्तव, मुनिया बाघ से उनके मानदेय राशि का वितरण के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने लाखागढ़ पंचायत भवन में आधार कार्ड बनाए आए ग्रामीणों से मुलाकात की और निर्माण एजेंसी को टोकन वितरित कर कार्ड निर्माण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डा एके एस रात्रे, कार्यपालन अभियंता पीएचई परीक्षित चौधरी, सीईओ प्रेमलता मंडावी उपस्थित थे।