गांव के विकास में सभी करें प्रयास
कार्यों के गुणवत्ता की देख रेख की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधि के साथ-साथ ग्रामीणों की भी है। गांव का विकास हो इसके लिए हम सभी को साथ मिल कर प्रयास करना होगा। प्राथमिकता के साथ गांवों मे विकास कार्य कराएं जा रहे है, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा मिल सकें। उक्त बाते ग्राम केशवा में विभिन्न निर्माण कार्यो का भूमि पूजन करते हुए विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कही।
केशवा स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण 5 लाख रुपए व गली कांक्रीटीकरण 4.56 लाख रुपए की लागत से होगा। बुधवार को निर्माण कार्यों का भूमिपूजन विधायक डॉ. चोपड़ा ने की। विधायक ने ग्रामीणों से नशाबंदी को लेकर भी जागरूक रहने का आह्वान किया है और कहा कि नशामुक्ति से ही आम आदमी की गरीबी दूर होगी। नशामुक्ति समाज से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा। अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य गोविंद साहू, लक्ष्मण पटेल एवं जनपद सदस्य विनोद चंद्राकर ने कहा कि विधायक द्वारा नशामुक्ति के क्षेत्र में चलाएं जा रहे अभियान से क्षेत्र की जनता को लाभ हुआ है। जनप्रतिनिधियों ने जनता को आगे आने और गरीबी को हटाने नशे से दूर रहने जनता से अपील की है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य गोविंद साहू ने की। वहीं विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण पटेल, जनपद सदस्य विनोद चंद्राकर, सरपंच सुषमा अशोक चंद्राकर, मोहन साहू, पवन साहू, धनजी यादव, शंकरलाल चंद्राकर, राधेश्याम चंद्राकर उपस्थित थे। इस दौरान प्रमुख रूप से नकुल साहू, खिलावन साहू, भगवती प्रसाद साहू, बिसंभर साहू समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।
महासमुंद. भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद अतिथिगण।