नगरीय निकाय चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी
महासमुंद | राज्यनिर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव के लिए जिले में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। पहले चरण का मतदान आगामी 29 दिसंबर एवं द्वितीय चरण का मतदान 31 दिसंबर को निर्धारित किया गया है।
मतदान का समय सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक निर्धारित है। साथ ही मतगणना 04 जनवरी 2015 को की जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम चरण में नगर पालिका सराईपाली एवं नगर पंचायत पिथौरा एवं तुमगांव का निर्वाचन, द्वितीय चरण में नगर पालिका महासमुंद, बागबाहरा एवं नगर पंचायत बसना का चुनाव संपन्न होगा। प्रथम चरण में सोमवार 08 दिसंबर एवं द्वितीय चरण में बुधवार 10 दिसंबर को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन के साथ नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई की जानी है। प्रथम चरण में 08 दिसंबर से 15 दिसंबर एवं द्वितीय चरण में 10 दिसंबर से 17 दिसंबर तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्य रिटर्निंग आॅफिसर द्वारा सुबह 10.30 बजे से दोपहर 03 बजे तक किया जाएगा।
प्रथम चरण के नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (स्कू्रटनी) मंगलवार 16 दिसंबर एवं दूसरे चरण में शुक्रवार 19 दिसंबर को की जाएगी। यह कार्य रिटर्निंग आॅफिसर द्वारा सुबह 10 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने प्रथम चरण के लिए शुक्रवार 19 दिसंबर एवं दूसरे चरण के लिए सोमवार 22 दिसंबर की तिथि तय की गई है। नाम वापसी दोपहर तीन बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापसी के बाद उक्त तिथियों को ही निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रतीकों का आबंटन किया जाएगा।