पोस्ट ऑफिस से 2.32 लाख की चोरी, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
बीती रात स्थानीय पोस्ट आफिस में चोरों ने तिजोरी तोड़कर 2 लाख 32 हजार की चोरी कर ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 457, 380 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस थाने से पोस्ट आफिस की दूरी महज 100 मीटर पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही जिला क्राइम स्क्वायड की टीम सुबह से ही जांच में जुटी रही।
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई चोरी की जानकारी पोस्ट आफिस परिसर में स्थित क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारी माखनदास वैष्णव को सुबह लगभग 6 बजे हुई। जब वह पानी भरने कार्यालय भवन की ओर गया, वहां उसने पिछले द्वार को खुला पाया एवं अंदर देखने पर तिजोरी टूटा मिला।
फौरन उसने पोस्टमास्टर संजय ठाकुर को इसकी सूचना दी। खबर पाकर महासमुंद से यहां पहुंचे ठाकुर ने पुलिस को वारदात की सूचना थाने जाकर दी। पुलिस ने वारदात की जांच करने के लिए स्निफर डाग को भी बुलाया, लेकिन धमतरी में उपलब्ध पुलिस डाग को यहां पहुंचने में तीन बज गए। फोरेंसिक टीम ने भी यहां पहुंचकर सबूत इकट्ठे किए।
बागबाहरा. टूटी हुई तिजोरी।
सिक्कों को छोड़कर पूरी रकम ले उड़े चोर
किसी शासकीय अर्धशासकीय कार्यालय में अब तक की 2 लाख 32 हजार रुपए की सबसे बड़ी चोरी की इस सनसनीखेज वारदात में प्रमुख बात यह देखी गई कि चोरों ने वर्षों पुरानी मोटी लोहे चादर की दीवार में जड़ी तिजोरी को किसी मजबूत हथियार से काट दिया। तिजोरी से 25 रुपए के सिक्के छोड़ पूरी राशि पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोरों ने दो-तीन आलमारी को भी वहां खजाना रूम में रखी चाबी से खोला, अन्य टेबलों के दराजों की भी तलाशी ली। उन्होंने एक आलमारी में रखे बैग को मेन टेबल में लाकर उसमें रखा लैपटाप निकाला लेकिन उसे वहीं छोड़ दिया । चोरों ने आलमारी में रखे कुछ फाइलों को फाड़ा, कुछेक पार्सलों को खोला भी, पेमेंट चेक, राष्ट्रीय बचतपत्र, किसान बचत पत्र, 18 हजार की डाक टिकटों को आलमारी से बाहर निकालकर फेंक दिया ।
25 के सिक्के छोड़े
तिजोरी में रखे 2 लाख 32 हजार 65 रुपए में 25 रुपए के सिक्कों को छोड़कर 2 लाख 32 हजार 40 रुपए चोर ले गए। सौरभ श्रीवास्तव, एसडीओ, डाक विभाग