अधिकारी होंगेे ईमानदार तो हमारा सहयोग
नगर पालिका में चल रहे विवादों में कांग्रेस भूमिका को लेकर जिलाध्यक्ष अमरजीत चावला ने पार्टी के पार्षद दल की बैठक ली। जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर ढिल्लो एवं जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र दुबे पूर्व पार्षद गुरमीत चावला भी शामिल हुए।
बैठक में शामिल पार्षद नानू भाई, संजय शर्मा, राजू साहू, खिलावन बघेल, विजय साव, दुर्गेश्वरी चंद्राकर, शकील खान, लखन चंद्राकर ने सिलसिलेवार पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरजीत चावला ने बैठक के बाद बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस इस देश की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी पार्टी है, हमें किसी के सलाह की जरूरत नहीं है।
हम शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर प्रतिबद्ध है। बढ़े हुए संपत्ति कर और कमीशनखोरी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ हम हमेशा लड़े है और आगे भी हमारा संघर्ष जारी रहेगा अगर अधिकारी जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए ईमानदारी से काम करेंगे तो हमारा पूरा सहयोग उनके साथ रहेगा, अगर विधायक पालिका को सहयोग कर ईमानदारी से शहर विकास की बात करते है तो जनहित में हम उन्हें भी सहयोग करेंगे, पर सिर्फ विरोध करने के लिए विरोध की राजनीति कर शहर का विकास अवरुद्ध करने का कोई काम कांग्रेस पार्षद दल नहीं करेगा।
अगर विधायक गलत करेंगे तो उनका भी पुरजोर विरोध किया जाएगा। अमरजीत चावला ने भाजपा पार्षद दल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार है, उनके मंत्री है अगर नियम विरुद्ध ठेकेदारों को भुगतान हो रहा है, गलत टेंडर या गलत सप्लाई हो रही है तो कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
महासमुंद. कांग्रेस पार्षद दल की बैठक जिलाध्यक्ष ने ली।