पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बोर्ड के परीक्षा केंद्रों की बढ़ेगी संख्या, छात्रों को सहूलियत

बोर्ड के परीक्षा केंद्रों की बढ़ेगी संख्या, छात्रों को सहूलियत

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह की रेडियो वार्ता कार्यक्रम रमन के गोठ से दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राज्य शासन के नवीनतम कदमों की सीधेे जानकारी मिल रही है। जिला मुख्यालय के लगे ग्राम बेलसोंडा में मनरेगा में मुक्तिधाम पहुंच मार्ग में काम करने वाले मजदूरों ने रेडियो वार्ता का प्रसारण तल्लीनता से सुना। रमन के गोठ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा पिंकी जगत और मीनू सिदार ने दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में विद्याार्थियों को ज्यादा दूर जाना न पड़े इसके लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इससे परीक्षा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

सोन कुंवर लहरे ने बताया कि उन्हें रमन के गोठ कार्यक्रम के जरिए सखी वन स्टाप सेंटर की जानकारी मिली । उन्होंने कहा कि इस सेंटर से पीड़ित महिलाओं का भला होगा। इसके अलावा ग्रामीण जन राज्य शासन की योजनाओं और नीतियों के संबंध में गांव की चौपाल और खेत खलिहानों में इसकी चर्चा करते देखे गए। ग्राम बेलसोंडा के केशव प्रसाद देवांगन, मीलूराम निर्मलकर और संतुराम चंद्राकर सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री की रेडियो वार्ता से युवाओं विद्यार्थियों और तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े लोगों के लिए नई सुविधाओं की इससे जानकारी मिली है। ग्राम मनकी के भूपेंद्र नेताम ने बताया कि मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने पैरी सोंढुर और महानदी के संगम पर हर वर्ष माघ पूर्णिमा में आयोजित होने वाले राजिम कुंभ में संतों के समागम का लाभ उठाने के लिए न्योता दिया है। इससे राजिम कुंभ के प्रति लोगों का जुड़ाव और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को उत्साह से जुटने और सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देकर विद्यार्थियों को और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ने से ग्राम झाल खम्हरिया के वनवासी भी प्रसन्न हैं।

फड़ मुंशी नंदराम निषाद ने बताया कि शासन द्वारा वनवासियों को लघु वनोपज के संग्रहण में उनकी मेहनत का पूरा लाभ दिलाने एवं इस कार्य में बिचौलियों से बचाने के लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं।



इस सीजन में बढ़ी हुई संग्रहण दर को लेकर गांव में उत्साह जनक वातावरण है। राज्य सरकार द्वारा संग्रहण दर 12 सौ रुपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 15 सौ रुपए कर दी गई है। इसी प्रकार अभ्यारण, टाइगर रिजर्व जैसे संरक्षित क्षेत्रों में निवासरत परिवार जो तेन्दूपत्ता संग्रहण नहीं कर पाते हैं उन परिवारों को दो हजार रुपए की मुआवजा राशि देने की चर्चा भी रेडियो वार्ता में की गई है। राज्य शासन द्वारा फड़ मुन्शियों का कमीशन प्रति मानक बोरा 5 रुपए से बढ़ाकर 25 रुपए किया गया है। इसी प्रकार प्राथमिक लघु वनोपज समिति के प्रबंधकों का वेतन भी आठ हजार रुपए से बढ़कर दस हजार रुपए कर दिया गया है।

महासमुंद. बेलसोंडा में मनरेगा के जरिए काम कर रहे मजदूरों ने सुना रमन के गोठ।

रमन के गोठ
खबरें और भी हैं...