अवसाद को पॉजीटिव विचारों से किया दूर, मिली सराहना
शिक्षक और उनके स्कूल की खामियों पर नजर रखने वाले अफसरों ने अब दृष्टिकोण को सकारात्मक किया, तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। वे स्कूल, जिन्हें सी व डी श्रेणी में देखा जा रहा था, वहां प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने तस्वीर बदली है। दो-तीन महीने के भीतर ही ऐसे 146 स्कूलों ने गुणवत्ता के स्तर को ऊपर उठाते हुए स्कूल और शिक्षकों पर लगे दाग को न सिर्फ साफ किया है, बल्कि समारोह में प्रशस्ति पत्र लेकर तालियां भी बटोरी है।
यह अवसर था महासमुंद के आदर्श स्कूल में उत्कृष्ट स्कूल और शिक्षकों के सम्मान का। इस मौके पर सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि अक्सर बुराई देखा करते थे और नोटिस थमाकर उन्हें अवसाद में ले जाते थे। गुणवत्ता शिक्षा के लिए ब्लाॅक में अपनाए गए सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें काम करने का मौका दिया और आज वे सम्मानित हो रहे हैं। ब्लाॅक मुख्यालय में बीआरसीसी ओमनारायण शर्मा की पहल ने शैक्षिक संगोष्ठी के जरिए शिक्षकों की मन:स्थिति को टटोलने का प्रयास किया। इसके चलते गुणवत्ता स्तर के गिरने का कारण सामने आया। पता चला कि शिक्षक नोटिस और झिड़की से अवसादग्रस्त हो रहे हैं। गलतियों को सकारात्मक ढंग से दूर करने की सलाह ने बदलाव की मिसाल खड़ी की। अब उन स्कूलों में पढ़ाई के तौर-तरीकों को दूसरे स्कूलों तक पहुंचाने की कवायद शुरू की गई है। बदलाव की मिसाल बने शिक्षकों ने व्हाट्सएप ग्रुप और बीआरसीसी की वेबसाइट को सबसे सकारात्मक पहल बताया। सम्मान समारोह में डीईओ राकेश पांडेय, जिला मिशन समन्वयक हिमांशु भारतीय, प्राचार्य समीर प्रधान, एसबी लाल ने शिक्षा गुणवत्ता अभियान में किए जाने वाली काम की जानकारी दी।
बदलाव के गवाह बने शिक्षक सम्मानित
कार्यक्रम में विकासखंड के संकुल समन्वयक जागेश्वर सिन्हा, प्रधान पाठक धरम महानंद, शिक्षक रेखराज शर्मा, समर्थ शिक्षा केंद्र की लक्ष्मीप्रिया साहू, शिक्षक मो. नसीम, सालिकराम सेन, मधु साहू, बाबूलाल ध्रुव, सोमेश दीवान, सुषमा साहू, प्रेमनारायण चंद्राकर, गैंदलाल पटेल, गीता गोहिया, गोमती चक्रधारी, बलराम नेताम, शिक्षादूत कौशिल्या, देवकी, खेलन, उमेश्वरी, शबनम अली, यशवंत कुमार साहू, यमुना ध्रुव, दुलारी ध्रुव, प्रमिला साहू, सतीश कुमार ध्रुव, होमन, योगेश्वरी दीवान, थनेश्वरी यादव, मलेश्वर निषाद, तेजेश्वरी ध्रुव, लोकेश्वरी ढीढी, वंदना, ललिता दीवान, कमलेश्वरी, ऋतु ध्रुव, प्रीति बाला यादव, माला निर्मलकर, डामेश्वर गोस्वामी, सारती, भरतलाल ध्रुव, खिलेश्वरी साहू, रामकुमार गुप्ता, सीमा पात्रे, दुलारी कोसरे को प्रशस्ति पत्र व साहित्य देकर सम्मानित किया गया।
आदर्श स्कूल में शिक्षा गुणवत्ता के लिए बेहतर काम करने वाले शिक्षकों-शिक्षा दूतों का हुआ सम्मान।
सम्मान समारोह